महिन्द्रा समृद्धि इंडिया एग्री अवार्ड
नई दिल्ली। गत सप्ताह नई दिल्ली में एक गरिमामय कार्यक्रम में महिन्द्रा ट्रैक्टर्स द्वारा कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि विज्ञान केन्द्रों, शोध संस्थानों को महिन्द्रा समृद्धि इंडिया एग्री अवार्ड से विभूषित किया गया।
इन प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ ही महिन्द्रा ने किसानों, नवोन्मेषकों, प्रोफेशनल्स की तीसरी पीढ़ी को नेतृत्व देने के लिए कृषि में नए युग फार्मिंग 3.0 के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री राधा मोहन सिंह, महिन्द्रा ग्रुप के एग्जीक्यूटिव चेअरमेन श्री आनन्द महिन्द्रा, प्रबंध संचालक डॉ. पवन गोयनका एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
महिन्द्रा समृद्धि इंडिया एग्री अवार्ड 2017 के लिए 60,250 प्रविष्टयां प्राप्त हुई थी। जो गत वर्ष से 10 प्रतिशत अधिक थीं। इस अवार्ड में नगद पुरस्कार राष्ट्रीय स्तर पर रु. 2,11,000, क्षेत्रीय स्तर पर रु. 51,000 संस्थागत रनर अप द. 1,11,000 तथा कृषि शिरोमणि सम्मान के लिए रु. 5 लाख प्रदान किया जाता है। इस वर्ष कृषि शिरोमणि सम्मान डॉ. वीरेन्द्र लाल चोपड़ा को तथा संस्थागत पुरस्कारों में गुजरात ग्रीन रेवोल्यूशनरी कं.लि., सेन्ट्रल एग्रीकल्चर युनिवर्सिटी इम्फाल व कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर को सम्मानित किया गया।