Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

गेहूं खरीद प्रक्रिया की समीक्षा: 2026-27 में MSP 2585 रुपये तय, खरीद के दौरान होगा बायोमेट्रिक सत्यापन  

03 जनवरी 2026, जयपुर: गेहूं खरीद प्रक्रिया की समीक्षा: 2026-27 में MSP 2585 रुपये तय, खरीद के दौरान होगा बायोमेट्रिक सत्यापन – राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को गेहूं खरीद प्रक्रिया को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीएम उम्मेदी लाल मीना ने की। बैठक में डीएसओ सुनील घोड़ेला ने गेहूं खरीद प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि गत वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 58 क्रय केंद्र संचालित किए गए थे। इन केंद्रों के माध्यम से 46,718 किसानों से 8.62 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई थी, जिसके एवज में 2219 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया।

डीएसओ ने बताया कि पिछले वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपए प्रति क्विंटल था, जिस पर राज्य सरकार द्वारा 150 रुपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस दिया गया था। इस प्रकार किसानों को कुल 2575 रुपए प्रति क्विंटल का भुगतान किया गया।

चालू वर्ष 2026-27 में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। फिलहाल बोनस की घोषणा नहीं हुई है। इस वर्ष जिले में गेहूं का कुल बुआई क्षेत्रफल 2,39,300 हेक्टेयर का रहा है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदी लाल मीणा ने बताया कि इस वर्ष गेहूं खरीद में नवाचार करते हुए किसानों का जन आधार के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। यह सत्यापन पंजीकरण के समय नहीं, बल्कि गेहूं खरीद के समय किया जाएगा। उन्होंने भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही निविदा में समय पर कार्य पूरा नहीं होने पर पेनल्टी की शर्तें जोड़ने के निर्देश भी दिए।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

उन्होंने कहा कि मजदूरों, गेहूं उठाव और गोदामों से संबंधित सभी अनुबंध समय से पहले पूर्ण कर लिए जाए तथा किसानों को भुगतान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सभी मंडियों में सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, पंखे, कूलर और सहायता केंद्रों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि मंडियों में योग्य एवं प्रशिक्षित क्वालिटी इंस्पेक्टर तैनात हों, सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पहचान पत्र पहनें तथा निर्धारित मापदंडों के अनुसार अधिकृत ऑपरेटर ही मीटर का संचालन करें। बैठक के दौरान खरीद एजेंसियों ने गेहूं खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं से भी प्रशासन को अवगत कराया।

बैठक में एफसीआई प्रबंधक  विकास काले, प्रबंधक (भंडारण) महेश कुमार सैनी, जीएम  सुखविंदर सिंह, कृषि संयुक्त निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार, कृषि विपणन उपनिदेशक विष्णु दत्त शर्मा, सहकारिता उप-रजिस्ट्रार अमिलाल सहारण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture