विदिशा: पीएम किसान योजना के लाभ से वंचित किसानों के लिए हर ग्राम पंचायत में लगेंगे शिविर, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान
13 नवंबर 2026, विदिशा: विदिशा: पीएम किसान योजना के लाभ से वंचित किसानों के लिए हर ग्राम पंचायत में लगेंगे शिविर, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान – मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के कलेक्टर बालागुरू के. ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र हितग्राहियों की लंबित कार्यवाहियों का निराकरण कर उन्हें योजना का लाभ सुनिश्चित कराने के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष सैचुरेशन शिविर आयोजित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। जारी निर्देशानुसार 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत भवन अथवा अन्य उपयुक्त शासकीय स्थल पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि राजस्व निरीक्षकों, पटवारियों एवं मैदानी अमले के माध्यम से शिविरों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें।
कलेक्टर बालागुरू के. ने निर्देश दिए हैं कि शिविरों के माध्यम से योजना से वंचित पात्र किसानों का पंजीयन कराया जाए तथा हितग्राहियों की लंबित ई-केवाईसी की कार्यवाही पूरी की जाए। इसके साथ ही आधार एवं बैंक खाते की लिंकिंग से संबंधित लंबित प्रकरणों का निराकरण बैंक और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के सहयोग से कराया जाए। अपात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन एवं सत्यापन भी नियमानुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पीएम किसान पोर्टल पर लंबित सेल्फ रजिस्ट्रेशन के प्रकरणों का सात दिवस के भीतर निराकरण करने तथा योजना की 26वीं किस्त के लिए फार्मर आईडी की अनिवार्यता को देखते हुए सभी पात्र हितग्राहियों की फार्मर आईडी बनवाने और संबंधित भू-धारियों की समस्त भूमियों को फार्मर आईडी से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को शिविर आयोजन की सूचना कम से कम दो दिवस पूर्व संबंधित ग्रामों में देने , शिविरों की जानकारी गूगल शीट पर नियमित अपडेट करने तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को अपने-अपने अनुभाग में शिविरों की निगरानी एवं निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


