राज्य कृषि समाचार (State News)

उज्जैन: सोयाबीन फसल की स्थिति अच्छी, फली एवं दाना भरने की अवस्था

04 सितंबर 2026, उज्जैनउज्जैन: सोयाबीन फसल की स्थिति अच्छी, फली एवं दाना भरने की अवस्था – जिले में सोयाबीन की फसल वर्तमान में फली बनने एवं दाना भरने की अवस्था में पहुंच गई है। फसल की स्थिति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर के निर्देशानुसार एवं उप संचालक कृषि श्री के.एस. कैन के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय डायग्नोस्टिक दल द्वारा विकासखंड घट्टिया एवं उज्जैन के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर खेतों का निरीक्षण किया गया।

दल द्वारा ग्राम गुराड़िया गुर्जर, खजूरिया सदर, मालखेड़ी, बिसाखेड़ी, रूदाहेड़ा, देवानखेड़ी, सायरखेड़ी, नहारिया, भान बड़ोदिया सहित आसपास के क्षेत्रों में सोयाबीन फसल का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान दल ने किसानों से सीधी चर्चा कर फसल की वर्तमान स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सोयाबीन की फसल लगभग 65 से 70 दिवस की हो चुकी है तथा वर्तमान में फली बनने एवं दाना भरने की अवस्था में है। खेतों में फसल की स्थिति सामान्यतः अच्छी एवं स्वस्थ है तथा वर्तमान में प्रमुख कीट एवं व्याधियों का कोई विशेष प्रकोप नहीं पाया गया।

किसानों को नियमित निगरानी की सलाह – दल द्वारा किसानों को सलाह दी गई कि आगामी दिनों में फसल की नियमित निगरानी करते रहें। खेत में किसी भी प्रकार के कीट अथवा रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल कृषि विभाग के मैदानी अमले से संपर्क कर विशेषज्ञों की सलाह लें तथा अनुशंसित कीटनाशकों का ही समुचित छिड़काव करें।

उक्त निरीक्षण भ्रमण उप संचालक कृषि श्री के.एस. कैन के नेतृत्व में संपन्न हुआ। दल में नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक कृषि श्री कमलेश कुमार राठौर, कृषि विज्ञान केंद्र उज्जैन के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेन्द्र सिंह, डॉ. एच.आर. जाटव, संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, एटीएम (बीटीएम/एटीएम स्टाफ) एवं स्थानीय कृषक उपस्थित रहे। वैज्ञानिकों एवं कृषि अधिकारियों द्वारा किसानों को समसामयिक कृषि तकनीकी सलाह दी गई। साथ ही किसानों को फार्मर आईडी बनवाने, आगामी रबी सीजन के लिए उर्वरकों का अग्रिम उठाव करने तथा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों की सदस्यता ग्रहण करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture