तेलंगाना के कृषि मंत्री ने की शिवराज चौहान से मुलाकात, दलहन खरीद, ऑयल पाम और कृषि योजनाओं पर हुई चर्चा
03 सितंबर 2026, नई दिल्ली: तेलंगाना के कृषि मंत्री ने की शिवराज चौहान से मुलाकात, दलहन खरीद, ऑयल पाम और कृषि योजनाओं पर हुई चर्चा – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से तेलंगाना के कृषि मंत्री टी. नागेश्वर राव ने नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में मुलाकात की। इस दौरान तेलंगाना में कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में दलहन की खरीद, ऑयल पाम, कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बीज क्षेत्र से जुड़े विषय प्रमुख रहे।
तेलंगाना के कृषि मंत्री ने राज्य में दलहन की खरीद, ऑयल पाम सहित कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दे केंद्रीय कृषि मंत्री के समक्ष रखे। उन्होंने ऑयल पाम के लिए राज्य में रिसर्च स्टेशन स्थापित करने का अनुरोध किया। साथ ही ऑयल पाम के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) निर्धारित करने का विषय भी उठाया।
दलहन की 100% MSP पर खरीद
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत सरकार किसानों के हित में तुअर (अरहर), उड़द और मसूर की 100 प्रतिशत खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सुनिश्चित करती है। इसके अलावा अन्य दलहन फसलों की 25 प्रतिशत तक खरीद प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के तहत की जाती है।
कृषि योजनाओं में तेजी लाने पर जोर
मंत्री चौहान ने तेलंगाना सरकार से दलहन मिशन और ऑयलसीड मिशन के क्रियान्वयन की प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत तेलंगाना को 100 प्रतिशत राशि जारी की जा चुकी है। वहीं, कृषोन्नति योजना (KY) के तहत राज्य को 329 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
SATHI Portal के क्रियान्वयन पर जोर
केंद्रीय कृषि मंत्री ने तेलंगाना सरकार से राज्य में SATHI Portal के क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने का भी आग्रह किया। यह पोर्टल बीज के पूरे जीवन चक्र को एकीकृत करता है। इसके माध्यम से बीज उत्पादन, प्रमाणन, लाइसेंसिंग, बीज इन्वेंट्री और प्रमाणित विक्रेताओं के जरिए किसानों तक बीज की बिक्री की पूरी आपूर्ति श्रृंखला को डिजिटल और स्वचालित किया जाता है।
साथ ही, इससे बीजों की ट्रेसबिलिटी सुनिश्चित करने में भी मदद मिलती है। बैठक में केंद्र और तेलंगाना के बीच समन्वय को और मजबूत करने तथा किसानों के हित में केंद्र सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का प्रभावी और तेज क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

