राज्य कृषि समाचार (State News)

उज्जैन: एमपी कृषि पोर्टल से किसानों को मिल रही ई-टोकन की सुविधा

30 मई 2026, उज्जैन: उज्जैन: एमपी कृषि पोर्टल से किसानों को मिल रही ई-टोकन की सुविधा – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मप्र में किसानों की सुविधा के लिए ई-टोकन सिस्टम शुरू किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश  हैं  कि खाद के लिए कोई भी किसान परेशान नहीं हो। इस सुविधा से किसान घर बैठे एमपी कृषि पोर्टल के जरिए ऑनलाइन ई-टोकन जनरेट कर सकेंगे। किसान के मोबाइल पर ई-टोकन जारी होगा। पंजीयन की सुविधा 24 घंटे रहेगी। ई-टोकन दिखाकर किसान दो दिन के अंदर संबंधित समिति, एमपी एग्रो, डीएमओ केंद्र और प्राइवेट केंद्र पर जाकर फसल के लिए आवश्यकता अनुसार खाद ले सकेंगे।

गत दिनों  संभागायुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री  रोशन  कुमार सिंह ने कृषि उपज मंडी स्थित किसान सेवा केंद्र पहुंचकर किसानों से चर्चा कर ई-टोकन से खाद प्राप्त करने की जानकारी ली। संभागायुक्त श्री सिंह ने मौके पर उपस्थित किसान का कम्प्यूटर पर ई-टोकन प्रक्रिया दर्ज कराते हुए पूरी प्रक्रिया को समझा। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि ई-टोकन प्रणाली के संबंध में किसानों को प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाए। जिससे किसान स्‍वयं घर बैठे ई-टोकन जनरेट कर सकें। खाद के लिए कोई भी किसान परेशान नही होना चाहिए, किसानों से संपर्क कर प्रक्रिया की जानकारी देकर प्रोत्साहित करें। संभागायुक्त श्री सिंह ने प्रतिदिन किसानों द्वारा किए जाने वाले पंजीयन की जानकारी ली।

किसानों की सुविधा के लिए ई-टोकन सिस्टम शुरू किया है। इसमें किसान घर बैठे एमपी कृषि पोर्टल के जरिए ऑनलाइन ई-टोकन जनरेट कर सकेंगे। अगर किसी किसान ने 2 दिन के अंदर खाद नहीं उठाई तो टोकन कैंसिल हो जाएगा। ऐसे में किसान को दो दिन बाद दोबारा यह टोकन जनरेट करना होगा। इसके अलावा ऑनलाइन यह सुविधा भी है कि किसी किसान को अधिक खाद की आवश्यकता है तो उसे खाद लेने का अतिरिक्त कारण बताने पर खाद उपलब्ध कराने का ऑप्शन भी है। पूरी प्रकिया ऑनलाइन होने से किस-किस को कितना खाद दिया गया और कितना केंद्र या दुकान के स्टॉक में बचा है। इसकी जानकारी किसान, विक्रेता और अधिकारी को दिखेगी। इससे उचित मूल्य पर खाद किसानों को अपने नजदीकी उर्वरक विक्रय केन्द्र पर बिना लाईन में लगें मिलना संभव होगा।

ई-टोकन प्रणाली की मुख्य विशेषताएं

घर बैठे बुकिंग- किसान अब लंबी कतारों में लगने के बजाय मोबाइल से घर बैठे ही खाद के लिए टोकन जनरेट कर सकते है।

पारदर्शी वितरण– जमीन के रकबे और बोई गई फसल के आधार पर ही किसानों को तय मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाती है।

टोकन की वैधता– जनरेट किया गया ई-टोकन 2 दिन के लिए मान्य होता है।

शिकायत निवारण– किसी भी तरह की अफवाहों या उर्वरक संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है।

किसान भाई ई-टोकन कैसे प्राप्त करें ?  – किसान भाई ई-टोकन जनरेट करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट ई-टोकन पोर्टल पर जाकर आधार कार्ड और ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण करें। किसान स्वयं मोबाइल पर बलराम ऐप का उपयोग कर ई-टोकन प्राप्त कर सकते है। यह सुविधा 24 घंटे खुली रहती है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements