Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्य प्रदेश में तीन नई तहसील बनेंगी

पन्ना में खुलेगा नया कृषि महाविद्यालय, मंत्रि-परिषद के निर्णय

2 अप्रैल 2023, भोपाल ।  मध्य प्रदेश में तीन नई तहसील बनेंगी – मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में 3 जिलों में 3 नवीन तहसीलों के गठन का निर्णय लेते हुए उनके कुशल संचालन के लिये पदों की स्वीकृति दी गई। खण्डवा जिले में नवीन तहसील छैगांव माखन, सिंगरौली जिले में नवीन तहसील बरगवां और आगर-मालवा जिले में नवीन तहसील सोयतकला के गठन की स्वीकृति दी गई।

कृषि यंत्रीकरण क्षेत्र में ‘कौशल विकास योजना’ को स्वीकृति

मंत्रि-परिषद द्वारा कृषि यंत्रीकरण क्षेत्र में ‘कौशल विकास योजना’ को स्वीकृति प्रदान की गई। योजना में कृषि यंत्रीकरण के क्षेत्र में स्थापित हो रहे ड्रोन स्कूल में 10 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके अतिरिक्त 3 वर्ष में 6 हजार युवाओं को वृहद कृषि यंत्रों को चलाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे उन्हें स्व-रोजगार स्थापित करने में सहायता मिलेगी। इसके लिये 22 करोड़ 73 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसका उद्देश्य प्रदेश में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देना है।

चेंटीखेड़ा सिंचाई परियोजना के लिये 539 करोड़

मंत्रि-परिषद द्वारा श्योपुर जिले की चेंटीखेड़ा वृहद सिंचाई परियोजना लागत राशि 539 करोड़ रूपये सैंच्य क्षेत्र 15 हजार 300 हेक्टेयर की  स्वीकृति प्रदान की गई। परियोजना से सूक्ष्म सिंचाई पद्धति से विजयपुर विकासखण्ड के 16 ग्रामों का 11 हजार 118 हे. क्षेत्र तथा सबलगढ़ विकासखण्ड के 16 ग्रामों की 4 हजार 112 हे. क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का लाभ प्राप्त होगा।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile
पन्ना में नया कृषि महाविद्यालय खुलेगा

मंत्रि-परिषद ने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर के अंतर्गत  पन्ना में नवीन कृषि महाविद्यालय की स्थापना की स्वीकृति दी। इसकी स्थापना के लिये 3 वर्षों के लिये अनावर्ती व्यय 51 करोड़ 90 लाख 35 हजार रूपये तथा आवर्ती व्यय 31 करोड़ 20 लाख 80 हजार रूपये की राशि स्वीकृत की गई।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

महत्वपूर्ण खबर: गेहूं की फसल को चूहों से बचाने के उपाय बतायें