शेडनेट हाउस तकनीक से बदली कृषक की आर्थिक तस्वीर
23 दिसंबर 2025, झाबुआ: शेडनेट हाउस तकनीक से बदली कृषक की आर्थिक तस्वीर – शासकीय योजनाओं का सही उपयोग किया जाए, तो खेती न केवल आजीविका का साधन बल्कि समृद्धि का मार्ग भी बन सकती है। इसे साबित किया है, जिला झाबुआ के विकासखंड रामा अंतर्गत ग्राम कोकावद के कृषक श्री प्रभु खुमसिंह भूरिया ने। पारंपरिक खेती में अधिक लाभ नहीं होने पर इन्होंने एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत शेडनेट हाउस घटक का लाभ लेकर अपनी खेती को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं अत्यंत लाभकारी बनाया है।
उल्लेखनीय है कि सोयाबीन की खेती से उन्हें लगभग 3 क्विंटल उपज प्राप्त होती थी, जिससे केवल ₹ 10,500 की कुल आय और लगभग ₹ 5,500 की शुद्ध आय हो पाती थी। वहीं गेहूं की खेती से 8 क्विंटल उत्पादन पर ₹ 17,600 की कुल आय तथा मात्र ₹ 11,100 की शुद्ध आय प्राप्त होती थी। इस आय से परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति करना कठिन हो रहा था। वर्ष 2024–25 में शासन द्वारा कृषक को 2000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में शेडनेट हाउस की स्थापना हेतु ₹ 7,10,000 की अनुदान राशि प्रदान की गई। इस सहयोग ने कृषक के जीवन और खेती की दिशा ही बदल दी।
शेडनेट हाउस की स्थापना के पश्चात कृषक ने परंपरागत खेती से आगे बढ़ते हुए खीरा फसल की उन्नत एवं नियंत्रित वातावरण में खेती प्रारंभ की। शेडनेट तकनीक के माध्यम से फसल को मौसम की मार से सुरक्षा मिली, रोग एवं कीट प्रकोप में कमी आई तथा गुणवत्ता एवं उत्पादन दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इसका परिणाम अत्यंत उत्साहजनक रहा। पहली फसल में 155 क्विंटल खीरे का उत्पादन हुआ, जिससे ₹ 2,32,500 की कुल आय एवं ₹ 1,57,000 की शुद्ध आय अर्जित हुई। वहीं दूसरी फसल में 110 क्विंटल उपज से ₹ 2,75,000 की कुल आय एवं ₹ 1,92,800 की शुद्ध आय प्राप्त हुई। कम समय में प्राप्त यह आय पारंपरिक खेती की तुलना में कई गुना अधिक थी। यह सफलता इस बात का सशक्त उदाहरण है कि आधुनिक तकनीक, शासकीय सहयोग और कृषक की मेहनत मिलकर खेती को लाभ का व्यवसाय बना सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


