सागर कमिश्नर ने उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन विभागों की समीक्षा की
18 जुलाई 2026, सागर: सागर कमिश्नर ने उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन विभागों की समीक्षा की – कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी की अध्यक्षता में गत दिनों कमिश्नर कार्यालय के कक्ष में उपसंचालक मत्स्योद्योग, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा, बुंदेलखंड सहकारी दुग्ध संघ एवं संयुक्त संचालक उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
उद्यानिकी विभाग में लक्ष्य से अधिक आवेदन लेने के निर्देश – कमिश्नर श्री सुचारी ने कहा कि उद्यानिकी विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के अधिकाधिक आवेदन प्राप्त कर किसानों को लाभान्वित करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ’पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना, मसाला उत्पादन, संरक्षित खेती, पोलिनेट आदि योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने में कोई कमी न छोड़ी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं में एक सप्ताह के भीतर लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिया जाए।
मत्स्योद्योग विभाग में केसीसी और बंद हैचरीज पर फोकस- मत्स्योद्योग विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि संभाग में बंद पड़ी हैचरीज को शुरू करने के लिए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मत्स्य उत्पादक किसानों के क्रेडिट कार्ड बनाने का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने को कहा। संभाग में 1700 केसीसी के लक्ष्य के विरुद्ध अभी 941 प्रकरण ही प्रस्तुत किए गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
पशुपालन एवं डेयरी: टीकाकरण और योजनाओं पर जोर – कमिश्नर श्री सुचारी ने पशुपालन विभाग को गाय और भैंस के कृत्रिम गर्भाधान का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सा इकाईयों के माध्यम से पशुओं के उपचार और टीकाकरण के कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि बकरी पालन, नंदीशाला, क्षीरधारा ग्राम योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना’ और शिविरों के आयोजन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को बेहतर ढंग से मिले। बुंदेलखंड सहकारी दुग्ध संघ को दुग्ध संकलन और भुगतान प्रणाली सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि सभी विभाग समन्वय कर काम करें ताकि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और संभाग का सर्वांगीण विकास हो।
बैठक में संयुक्त आयुक्त श्री पी.सी. शर्मा, जिला खाद्य नियंत्रक सागर, उप संचालक मत्स्योद्योग सागर संभाग, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सागर संभाग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी बुंदेलखंड सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित सागर, संयुक्त संचालक उद्यानिकी विभाग सहित संबंधित विभागों के संभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

