राज्य कृषि समाचार (State News)

पांढुर्ना कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं एवं प्रगति की समीक्षा की

13 अगस्त 2026, पांढुर्नापांढुर्ना कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं एवं प्रगति की समीक्षा की – कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आज उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित हितग्राही मूलक योजनाओं, प्रगति एवं उपलब्धियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) सहित विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को दिए जा रहे अनुदान, संरक्षित खेती, फल एवं पुष्प क्षेत्र विस्तार तथा विभागीय नवाचारों की जानकारी प्रस्तुत की गई।

बैठक में बताया गया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत सब्जी क्षेत्र विस्तार, उद्यानिकी फसलों में यंत्रीकरण, पुष्प क्षेत्र विस्तार एवं जैविक खेती के लिए पात्र किसानों को नियमानुसार अनुदान प्रदान किया जा रहा है। योजनाओं के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने और उद्यानिकी फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इसी प्रकार प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए इकाई लागत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 10 लाख रुपये तक अनुदान का प्रावधान है। वहीं एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के माध्यम से ब्याज अनुदान की सुविधा भी उपलब्ध है।

नवाचार से किसान ने बढ़ाई आमदनी –  विभागीय नवाचार के अंतर्गत ग्राम बनगांव के कृषक श्री धर्मेंद्र गोलाईट द्वारा 0.350 हेक्टेयर क्षेत्र में 3000 जम्बो रेड किस्म के ड्रैगन फ्रूट पौधों का रोपण किया गया। पौध, पोल, एंगल एवं मजदूरी सहित परियोजना की कुल लागत 8.25 लाख रुपये रही। रोपण के दो वर्ष बाद वर्ष में 4 से 5 बार तुड़ाई से लगभग 56 क्विंटल फल का उत्पादन हुआ। उत्पाद का स्थानीय बाजार में लगभग 120 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से विक्रय कर करीब 6.72 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। किसान के इस नवाचार से क्षेत्र के अन्य किसान भी उन्नत उद्यानिकी फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

पॉलीहाउस में गुलाब की खेती से आर्थिक सशक्तिकरण-  ग्राम सिवनी की कृषक श्रीमती अनिता पति श्री रामदास पाठे द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत 2080 वर्गमीटर क्षेत्र में पॉलीहाउस में उच्च गुणवत्ता वाले गुलाब की खेती की जा रही है। परियोजना की कुल लागत 18 लाख 51 हजार 200 रुपये रही, जिसमें विभाग द्वारा 9 लाख 25 हजार 600 रुपये का अनुदान प्रदान किया गया। पॉलीहाउस में फूलों की खेती से कृषक परिवार की आय में वृद्धि होने के साथ आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।

पात्र किसानों तक समयबद्ध पहुंचे योजनाओं का लाभ-  कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सफल किसानों द्वारा अपनाए जा रहे नवाचारों एवं उन्नत तकनीकों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अन्य किसान भी आधुनिक उद्यानिकी फसलों, संरक्षित खेती एवं खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। उन्होंने किसानों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा पात्र हितग्राहियों को अनुदान एवं अन्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए मैदानी स्तर पर प्रभावी प्रयास करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उद्यानिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture