हरियाणा में बदलेगी फसल खरीद की पूरी व्यवस्था, हर जिले के लिए बनेगी अलग योजना; एग्रीस्टैक से होगी खरीद
24 नवंबर 2026, भोपाल: हरियाणा में बदलेगी फसल खरीद की पूरी व्यवस्था, हर जिले के लिए बनेगी अलग योजना; एग्रीस्टैक से होगी खरीद – हरियाणा सरकार किसानों को फसल बेचने के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत देने और मंडियों में खरीद व्यवस्था को अधिक सुचारू बनाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग फसल खरीद योजना और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाएगी। साथ ही, फसल की अधिक आवक वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त खरीद केंद्र और भंडारण गोदाम भी चिन्हित किए जाएंगे, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।
इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने चंडीगढ़ में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल की आवक शुरू होने से पहले खरीद से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी होनी चाहिए। इसके लिए हर जिले में फसल उत्पादन, मंडियों में संभावित आवक, उपलब्ध खरीद केंद्रों और भंडारण क्षमता का आकलन कर स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजना बनाई जाएगी।
हर जिले की जरूरत के अनुसार बनेंगे खरीद केंद्र और गोदाम
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में मौजूदा खरीद केंद्र पर्याप्त नहीं हैं, वहां अतिरिक्त केंद्रों की पहचान पहले ही कर ली जाए। इसके अलावा, खरीदी गई फसल के सुरक्षित भंडारण के लिए गोदामों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। सरकार का मानना है कि खरीद केंद्रों और भंडारण सुविधाओं का विस्तार होने से मंडियों में फसल का दबाव कम होगा। किसानों को उपज बेचने के लिए घंटों या दिनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही फसल की खरीद, मंडियों से उठान और भंडारण की प्रक्रिया को भी तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया जाएगा।
अगले खरीद सीजन से एग्रीस्टैक के आधार पर होगी फसल खरीद
हरियाणा में आगामी खरीद सीजन से फसलों की खरीद एग्रीस्टैक पोर्टल के डेटा के आधार पर की जाएगी। इसके लिए किसानों को पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बैठक में बताया कि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को एग्रीस्टैक पोर्टल का 100 प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
किसानों के पंजीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने और इसकी नियमित निगरानी के लिए एक विशेष समिति भी गठित की जाएगी। इस समिति में कृषि विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ कृषि एवं किसान कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले और बागवानी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। एग्रीस्टैक के माध्यम से उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर पंजीकृत किसानों और उनकी फसलों से संबंधित जानकारी का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे खरीद प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
गेहूं और धान खरीद के बदले किसानों को मिले 32 हजार करोड़ रुपये से अधिक
बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार ने खरीद व्यवस्था में सुधार के लिए तैयार रोडमैप की जानकारी दी। इसमें अनाज मंडियों का आधुनिकीकरण, डिजिटल पंजीकरण व्यवस्था को मजबूत करना और वैज्ञानिक भंडारण सुविधाओं का विस्तार करना शामिल है।
उन्होंने बताया कि रबी विपणन सीजन 2026-27 के दौरान हरियाणा में 81.17 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई। इसके बदले 5,98,174 किसानों को 20,856 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। वहीं, खरीफ खरीद सीजन 2026-27 में प्रदेश में 50.50 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई। इसके तहत 3,19,591 किसानों को 11,272 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। धान खरीद का भुगतान अभी जारी है। दोनों खरीद सीजन को मिलाकर किसानों को अब तक 32,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।
खरीद में गड़बड़ी रोकने के लिए डिजिटल निगरानी होगी मजबूत
फसल खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए हरियाणा सरकार ई-खरीद प्रणाली में कई डिजिटल सुरक्षा उपाय लागू कर रही है। इनमें किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन, खरीद से जुड़े लेनदेन की जियो-फेंसिंग, वाहनों के पंजीकरण और तस्वीरों की जांच तथा तीन चरणों में एग्जिट वेरिफिकेशन शामिल हैं। अलावा, मंडियों से खरीदी गई फसल को लेकर निकलने वाले वाहनों की GPS के माध्यम से निगरानी की जाएगी। राइस मिलरों के लिए डिजिटल पंजीकरण पोर्टल की व्यवस्था की गई है। वहीं, राइस मिलों का जियो-फेंसिंग के जरिए भौतिक सत्यापन और ऑनलाइन बिल तैयार करने की सुविधा भी शुरू की गई है।
खरीद से भुगतान तक व्यवस्था सुधारने पर जोर
हरियाणा सरकार का लक्ष्य फसल खरीद व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और किसान हितैषी बनाना है। जिला स्तर पर अलग-अलग योजनाएं तैयार होने से स्थानीय जरूरतों के अनुसार खरीद केंद्रों, गोदामों और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जा सकेगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


