Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

भोपाल कलेक्टर ने प्रगतिशील किसानों के प्रक्षेत्रों का किया अवलोकन

02 जून 2026, भोपाल: भोपाल कलेक्टर ने प्रगतिशील किसानों के प्रक्षेत्रों का किया अवलोकन – कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रगतिशील किसानों के प्रक्षेत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने जैविक खेती, आधुनिक उद्यानिकी, पॉलीहाउस तकनीक, विदेशी फलों की खेती तथा गौ-सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए किसानों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के समाधान तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

26 वर्षों से जैविक खेती कर रहे किसान बने प्रेरणास्रोत – ग्राम परवलिया सड़क में कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रगतिशील कृषक श्री मनोहर पाटीदार के प्रक्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने 10 एकड़ क्षेत्र में वैज्ञानिक पद्धति से की जा रही जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट इकाई, गोबर गैस संयंत्र तथा आम एवं चीकू के बागानों का अवलोकन किया।श्री मिश्रा ने कहा कि श्री पाटीदार जैसे किसान अन्य कृषकों के लिए प्रेरणा हैं, जो स्वयं जैविक खेती करने के साथ-साथ अन्य किसानों को भी प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने यहां ‘ऑर्गेनिक कैफे’ विकसित करने का सुझाव दिया, जिससे लोग जैविक जीवनशैली से जुड़ सकें और किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत प्राप्त हो।

गौशालाओं में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश–  ग्राम पंचायत बरखेड़ा बोदर स्थित स्वर्गीय मिथलेश देवी गौसेवा संस्थान गौशाला का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने गोवंश के रखरखाव एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गौशाला संचालक श्री उदय सिंह ठाकुर से चर्चा कर आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य आधारभूत सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

‘भोपाल हॉर्टिकल्चर सोसायटी’ से मिलेगा किसानों को नया बाजार–  बरखेड़ा बोदर में ही कलेक्टर ने कृषक श्री राम सिंह कुशवाहा एवं अन्य किसानों से संवाद किया। यहां छह एकड़ क्षेत्र में क्लस्टर आधारित पॉलीहाउस तकनीक से जरबेरा कट फ्लावर की उन्नत खेती की जा रही है। कलेक्टर ने किसानों को संगठित होकर ‘भोपाल हॉर्टिकल्चर सोसायटी’ के गठन का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि शासन के सहयोग से ‘फार्म टू होम’ मॉडल विकसित कर किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ा जा सकता है, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

एवोकाडो और ड्रैगन फ्रूट की खेती से बदल रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था–  दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर श्री मिश्रा ने ग्राम मुबारकपुर में युवा कृषक श्री हर्षित गोधा के एवोकाडो एवं ड्रैगन फ्रूट के फलोद्यान तथा हाई-टेक नर्सरी का निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक ग्राफ्टिंग तकनीक, उत्पादन एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। श्री गोधा ने बताया कि वे न केवल इन उच्च मूल्य वाली फसलों का उत्पादन कर रहे हैं, बल्कि अपनी नर्सरी के माध्यम से अन्य किसानों को भी पौधे उपलब्ध करा रहे हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ ऐसी नवाचार आधारित और उच्च आय देने वाली फसलों को अपनाना जिले की कृषि अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा।

नवाचार, जैविक खेती और मूल्य संवर्धन से बढ़ेगी किसानों की आय–  कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने कहा कि जिले में ऐसे प्रगतिशील किसानों के प्रयास कृषि क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं। आधुनिक तकनीक, जैविक खेती, मूल्य संवर्धन और सीधे विपणन की व्यवस्था किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture