नकली खाद-बीज और पेस्टीसाइड विक्रेताओं पर कठोर कार्रवाई करें – कलेक्टर भिंड
22 अक्टूबर 2026, भिंड: नकली खाद-बीज और पेस्टीसाइड विक्रेताओं पर कठोर कार्रवाई करें – कलेक्टर भिंड – जिले में रबी सीजन के दौरान किसानों को उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा वितरण एवं परिवहन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से आज कलेक्टर भिण्ड श्री पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में उर्वरक थोक विक्रेताओं एवं उर्वरक प्रदाय करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में उर्वरक वितरण, परिवहन, भंडारण, स्टॉक प्रबंधन, बिक्री व्यवस्था एवं अतिरिक्त व्यय से संबंधित विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों, कंपनियों एवं विक्रेताओं को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री जैन ने निर्देशित किया कि उर्वरक का वितरण निर्धारित व्यवस्था के अनुसार समय पर सुनिश्चित किया जाए। किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन एवं आपूर्ति की समुचित व्यवस्था रखी जाए। रात्रिकालीन परिवहन के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।उर्वरक की उपलब्धता, आपूर्ति एवं वितरण की स्थिति के संबंध में सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक तथा उप/संयुक्त आयुक्त सहकारिता स्तर के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी देकर समन्वय स्थापित किया जाए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि उर्वरक की लोडिंग, अनलोडिंग एवं भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्टॉक का व्यवस्थित संधारण किया जाए तथा उर्वरक के परिवहन एवं भंडारण के दौरान होने वाली क्षति को रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जाएं। उर्वरक की आपूर्ति एवं वितरण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों, समस्याओं तथा आवश्यकताओं से संबंधित उच्च अधिकारियों को समय पर अवगत कराया जाए, ताकि समस्याओं का निराकरण समय-सीमा में किया जा सकेउर्वरक परिवहन में संलग्न ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि उर्वरक निर्धारित गंतव्य तक समय पर तथा सुरक्षित तरीके से पहुंचाया जाए। परिवहन में अनावश्यक विलंब न हो तथा आपूर्ति श्रृंखला निर्बाध बनी रहे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि डीएपी, यूरिया एवं एनपीके के अतिरिक्त स्टॉक में उपलब्ध अन्य उर्वरकों के उठाव एवं वितरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उपलब्ध उर्वरकों का संतुलित एवं आवश्यकता के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कंपनियों एवं विक्रेताओं द्वारा आवश्यक प्रयास किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि डीएपी, यूरिया, एनपीके अथवा किसी भी अन्य उर्वरक के साथ नीम उत्पाद, जिंक, कीटनाशक या अन्य किसी उत्पाद की अनिवार्य टैगिंग अथवा बंडलिंग करके बिक्री नहीं की जाए। किसानों को उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाए। उर्वरकों का विक्रय नियमानुसार एवं निर्धारित दरों पर सुनिश्चित किया जाए। निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
किसानों को फसल की आवश्यकता एवं अनुशंसित उर्वरक मात्रा के अनुसार संतुलित पोषण के प्रति जागरूक किया जाए। सहकारी समितियों (पैक्स) एवं संबंधित विक्रेताओं को विभिन्न उर्वरकों की उपयोगिता, विकल्पों एवं उपयुक्त संयोजन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जाए। उर्वरकों का वितरण कृषि अनुशंसाओं एवं लागू नियमों के अनुरूप किया जाए। लोडिंग-अनलोडिंग संबंधी अतिरिक्त व्यय का प्रस्ताव: उर्वरक की लोडिंग-अनलोडिंग एवं परिवहन में आने वाले अतिरिक्त व्यय के संबंध में संबंधित कंपनियां आवश्यक विवरण एवं प्रस्ताव अपने उच्च कार्यालयों को प्रेषित करें, ताकि इस विषय पर नियमानुसार आवश्यक विचार एवं कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर श्री जैन ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी, उर्वरक प्रदायक कंपनियां, थोक विक्रेता एवं सहकारी संस्थाएं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने नकली खाद-बीज व पेस्टीसाइड विक्रेताओं के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई के निर्देश उप संचालक कृषि को दिए।कलेक्टर ने कहा कि रबी सीजन में किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो तथा जिले में उर्वरक की आपूर्ति, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री राजन बी नाडिया, उप संचालक कृषि श्री राम सुजान शर्मा, उर्वरक यूनियन जिला अध्यक्ष श्री आशुतोष शर्मा, कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड क्षेत्रीय अधिकारी ग्वालियर श्री अभिषेक मोदी, इंडियन पोटाश लिमिटेड क्षेत्रीय अधिकारी ग्वालियर श्री शिवेंद्र सिंह, गुजरात स्टेट फर्टिलाइजर केमिकल लिमिटेड क्षेत्रीय अधिकारी ग्वालियर श्री अंकित मुदगिल, चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल लिमिटेड क्षेत्रीय अधिकारी ग्वालियर श्री अंकुर दुबे सहित अन्य अधिकारी एवं थोक विक्रेता उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


