Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

रबी सीजन के लिए सिंचाई हेतु किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं : कलेक्टर श्योपुर

22 अक्टूबर 2026, श्योपुर: रबी सीजन के लिए सिंचाई हेतु किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं : कलेक्टर श्योपुर – कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा है कि किसानों को रबी सीजन के लिए सिंचाई हेतु पर्याप्त मात्रा में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिले में कुल 91 हजार 244 रकबे में नहरो एवं तालाबों के माध्यम से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में चंबल नहर, सहित आवदा कैनाल एवं जिले में स्थापित अन्य लघु सिंचाई योजनाओं के माध्यम से किसानों को उनकी मांग अनुरूप पानी उपलब्ध कराया जायें। वे आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक को संबोधित कर रहीं थी। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री गौरीशंकर मीणा, एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर श्री शिवलाल शाक्य, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन श्री चैतन्य चौहान, उप संचालक कृषि श्री आरके सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि चंबल नहर सहित मध्यम सिंचाई परियोजना आवदा बांध एवं लघु सिंचाई परियोजना अंतर्गत कमांड एरिया के किसानों को टेल पर्सन तक पानी की उपलब्धता हो यह सुनिश्चित किया जायें। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि नहर एवं माइनर को काटे नही तथा सिस्टम के अनुसार सिंचाई के लिए पानी प्राप्त करें।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि वर्तमान में पानी की पर्याप्त उपलब्धता है, लेकिन आगामी वर्षो की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाये और किसानों को कम पानी की फसलों के उत्पादन हेतु प्रोत्साहित किया जायें। इसके साथ ही उन्होंने अपील की कि धान कटाई के दौरान ट्रेक्टर-ट्रॉलियों अथवा अन्य वाहनों को खेत तक लाने-ले जाने के लिए छोटी नहर शाखाओं को क्षतिग्रस्त न करें, बल्कि छोटी नहरों पर बने पुलियाओं के माध्यम से ही आवागमन सुनिश्चित किया जायें। इस दौरान उन्होंने चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना अंतर्गत कृषि विभाग के समन्वय से सिंचित क्षेत्र में जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश दिये। साथ ही सिंचाई के लिए स्प्रिंकलर सिस्टम का उपयोग किये जाने हेतु किसानों को प्रेरित करने के लिए भी निर्देशित किया गया। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से पराली प्रबंधन के संबंध में भी अपील की है, उन्होंने कहा कि खेतों में पराली का उचित प्रबंध किया जाए, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति को नुकसान न पहुंचे।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

बैठक में कार्यपालन यंत्री श्री चैतन्य चौहान ने जानकारी दी कि गांधी सागर, राणा प्रताप सागर, जवाहर सागर, कोटा बैराज बांध पूर्ण क्षमता के साथ भरे हुए है, इससे चंबल दाहिनी मुख्य नहर में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध रहेगा। कोटा बैराज से चंबल नहर में गत 18 अक्टूबर को पानी छोड दिया गया है। श्योपुर जिले में इस नहर से 78 हजार 665 हेक्टयर एरिया में सिंचाई होती है। उन्होने बताया कि मध्यम सिंचाई परियोजना अंतर्गत वर्तमान में आवदा बांध में 45 एमसीएम पानी पूर्ण क्षमता के साथ भरा हुआ है। इस नहर से 7 हजार 555 हेक्टेयर रकबे में सिंचाई होती है, इसी प्रकार जिले में लघु सिंचाई अंतर्गत 21 तालाब तथा 3 स्टॉप डैम है, जिनसे 5 हजार 24 हेक्टयर में सिंचाई की जाती है। इस अवसर पर उन्होंने सिंचाई कर समय पर जमा कराने की अपील की गई, इसके तहत प्रति हेक्टेयर 350 रुपये की राशि जमा करने का प्रावधान है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture