राज्य कृषि समाचार (State News)

उन्नत कृषि तकनीक और अनुसन्धान किसानों के खेतों तक पहुँचाएँ – राज्यपाल श्री पटेल

ग्वालियर कृषि विश्वविद्यालय में कृषि शिक्षा मेला

01 सितम्बर 2023, ग्वालियर: उन्नत कृषि तकनीक और अनुसन्धान किसानों के खेतों तक पहुँचाएँ – राज्यपाल श्री पटेल

कृषि का भविष्य एवं भविष्य में कृषि” विषय पर हुआ कृषि शिक्षा मेला का आयोजन

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा वैश्विक जागरूकता के दौर में भारतीय कृषि भी तेजी से बदल रही है। किसानों को उत्पादक से उद्यमी बनने के अभूतपूर्व अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कृषि तकनीक से जुड़े शोध और प्रगति को सीमांत किसानों के खेतों तक पहुँचाएं, जिससे वे आर्थिक रूप से और मजबूत हो सकें। राज्यपाल श्री पटेल गत दिनों  ग्वालियर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में “कृषि का भविष्य एवं भविष्य में कृषि” विषय पर आयोजित हुए कृषि शिक्षा मेला के उदघाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर सुप्रसिद्ध समाजसेवी स्व दत्तोपंत ठेंगड़ी जी की प्रतिमा का अनावरण एवं उन्नत कृषि तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगाई गई प्रदर्शनी का उदघाटन भी किया। कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित हुए कृषि शिक्षा मेला के उद्घाटन सत्र में सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में उप महानिदेशक कृषि शिक्षा डॉ आर सी अग्रवाल, कुलपति प्रो अरविंद कुमार शुक्ला एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के निदेशक डॉ वाय पी सिंह मंचासीन थे।

भारतीयता के आधार पर मिले उन्नत कृषि को बढ़ावा – श्री शेजवलकर

सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने भारतीयता के आधार पर कृषि शिक्षा व तकनीक अपनाकर उन्नत खेती को बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने कहा दत्तोपंत ठेंगडीजी ने भी कृषि में भारतीय दर्शन के आधार पर खेती के तौर तरीकों में बदलाव लाने की पहल की थी। की।

तेजी से बढ़ रही है कृषि शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों की रूचि – डॉ. अग्रवाल

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् के उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा) डॉ. आर. सी. अग्रवाल ने कहा कि देश में कृषि शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों में रूचि बढ़ रही है। कृषि शिक्षा में प्रवेश के लिए इस साल 5 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुये हैं, जो पिछले वर्षों में 84 हजार तक रहते थे। उन्होंने कहा कृषि शिक्षा में छात्राओं का प्रतिशत 23 से बढकर 49 प्रतिशत हो गया है। प्रो. अग्रवाल ने कहा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद होनहार कृषि विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को दुनिया की आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचित कराने के लिये विदेश भ्रमण करा रही है।

Advertisement
Advertisement
कृषि विज्ञान भी पुरातन विज्ञान है – प्रो. शुक्ला

कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अरविन्द कुमार शुक्ला ने स्वागत उदबोधन दिया। साथ ही कहा कृषि विज्ञान एक व्यापक व पुरातन विज्ञान है। विश्व के प्राचीनतम ग्रंथ ऋग्वेद में कृषि का गौरवपूर्ण इतिहास मिलता है। उन्होंने कहा कि उन्नत खेती की दिशा में वर्तमान में उल्लेखनीय काम हो रहे हैं। अब स्मार्ट एग्रीकल्चर तकनीक आधारित कृषि की जा रही है। प्रो. शुक्ला ने कहा कि कृषि के अनुसंधान, विस्तार कार्य करने में नवीन तकनीकों का समावेशन तभी संभव होगा जब हम कृषि में उच्च शिक्षा देकर कार्यदक्ष मानव संसाधन तैयार करेंगे ।

Advertisement
Advertisement
Advertisements
Advertisement
Advertisement

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

Advertisements
Advertisement
Advertisement