सिंगरौली : वन पट्टाधारी किसानों के फर्जी धान पंजीयन पर हुई कार्रवाई
13 नवंबर 2026, सिंगरौली: सिंगरौली : वन पट्टाधारी किसानों के फर्जी धान पंजीयन पर हुई कार्रवाई – खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए वन पट्टाधारी किसानों के फर्जी पंजीयन का मामला सामने आने पर सहकारिता विभाग द्वारा गत दिनों कार्रवाई की गई है। उपायुक्त सहकारिता, जिला सिंगरौली ने संबंधित पंजीयन केन्द्रों में कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटरों को तत्काल प्रभाव से उपार्जन कार्य से पृथक करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया है।
इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर पंजीयन केन्द्र प्रभारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए थे। प्राप्त जवाबों के परीक्षण में पंजीयन केन्द्र प्रभारियों ने पंजीयन कार्य में संलग्न ऑपरेटरों को स्वतंत्र आईडी जारी होने तथा फर्जी पंजीयन में अपनी सहभागिता नहीं होने की बात कही। वहीं, संबंधित कम्प्यूटर ऑपरेटरों से वन पट्टाधारी किसानों के पंजीयन में उपयोग किए गए दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के साथ जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन किसी भी ऑपरेटर द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। विभाग ने ऑपरेटरों के जवाब को असंतोषजनक मानते हुए प्रथम दृष्टया बिना आवश्यक दस्तावेजों के फर्जी पंजीयन किए जाने का मामला पाया है।
मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी पंजीयन नीति के प्रावधानों के अनुसार वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन करने से पूर्व उनके वन पट्टा आदेश का परीक्षण करना तथा उसकी छायाप्रति प्राप्त करना अनिवार्य था। इसके लिए वन पट्टा आदेश 15 सितंबर 2026 के पूर्व जारी होना भी आवश्यक निर्धारित किया गया था। इसके बावजूद संबंधित ऑपरेटरों द्वारा शासन के निर्देशों का पालन नहीं किया गया। विभाग ने इसे शासन के निर्देशों की अवहेलना एवं गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित ऑपरेटरों को उपार्जन कार्य से तत्काल पृथक करने के निर्देश दिए हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


