राज्य कृषि समाचार (State News)

शिवपुरी : खाद की कालाबाजारी पर दो प्रतिष्ठान सील

02 जून 2026, शिवपुरी: शिवपुरी : खाद की कालाबाजारी पर दो प्रतिष्ठान सील –  जिले में खाद की कालाबाजारी ना हो और किसानों को पूरी पारदर्शी प्रक्रिया से खाद का वितरण किया जा सके, इसके लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। खाद की कालाबाजारी को लेकर जिला प्रशासन का सख्त रवैया है। ऐसे ही दो मामलों में कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर कोलारस में कार्यवाही की गई है।

दो प्रतिष्ठान किए सील – एसडीएम कोलारस अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि कोलारस तहसील के ग्राम खरई में खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं विक्रय संबंधी प्राप्त शिकायतों के आधार पर राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा खाद-बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जय मां वैष्णो उर्वरक भंडार के संचालक श्री रामकृष्ण वर्मा के निवास पर लगभग 100 बैग एनपीके उर्वरक एवं 250 बैग कार्बनिक खाद भंडारित पाई गई। इसके अतिरिक्त परिसर के एक अन्य बंद कमरे में भी खिड़की से देखने पर उर्वरक के बैग रखे होने की जानकारी मिली। जांच के दौरान संबंधित विक्रेता मौके से अनुपस्थित पाया गया।

इसी प्रकार रवि खाद बीज भंडार के संचालक भी जांच दल के पहुंचने पर दुकान बंद कर स्थल से चले गए। दोनों मामलों में परिस्थितियां संदिग्ध पाए जाने पर विस्तृत जांच के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements