Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

शहडोल: चने की उन्नत खेती के लिए किसानों को दिया प्रशिक्षण, बीज भी किए वितरित

19 नवंबर 2026, शहडोल: शहडोल: चने की उन्नत खेती के लिए किसानों को दिया प्रशिक्षण, बीज भी किए वितरित – मध्यप्रदेश के शहडोल स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (दलहन) के अंतर्गत चना उत्पादन तकनीक पर कृषक प्रशिक्षण एवं बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. मृगेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को चने की उन्नत खेती, बीज उपचार, पौध संरक्षण, जैव उर्वरक, कीट नियंत्रण और फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी दी गई।

जैविक उत्पादों से कीट नियंत्रण के बताए तरीके

कार्यक्रम में केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. मृगेंद्र सिंह ने किसानों को खेती में आधुनिक तकनीकों के उपयोग, बीज उपचार, फेरोमोन ट्रैप, पौध संरक्षण, जैविक खाद निर्माण, वर्षा जल प्रबंधन और सिंचाई के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कीट नियंत्रण के लिए नीमास्त्र, अग्निअस्त्र, दशपर्णी, ब्रह्मास्त्र, नीम-गौमूत्र अर्क और बीजामृत जैसे जैविक उत्पाद तैयार करने की विधि भी समझाई। उन्होंने बताया कि चने की खेती भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने में सहायक है। चना सहित अन्य दलहनी फसलों की खेती से मिट्टी की भौतिक, रासायनिक और जैविक गुणवत्ता में सुधार होता है। चने की जड़ों में मौजूद ग्रंथियों के राइजोबियम जीवाणु वायुमंडलीय नाइट्रोजन का स्थिरीकरण कर पौधों को उपलब्ध कराते हैं। ये जीवाणु एक लघु नाइट्रोजन कारखाने की तरह काम करते हैं।

गेहूं की बुवाई 25 नवंबर तक पूरी करने की सलाह

केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ब्रजकिशोर प्रजापति ने किसानों को गेहूं की बुवाई 25 नवंबर तक पूरी करने की सलाह दी। उन्होंने गेहूं की पछेती किस्मों में पूसा वाणी (एच.आई. 1633), पूसा अहिल्या (एच.आई. 1634), राज-4238, सी.जी. 1029, एम.पी. 3535 और एम.पी. 3336 की जानकारी दी। वहीं, गर्मी सहनशील किस्मों में एच.आई. 8759 और एच.आई. 1544 के बारे में बताया। इसके अलावा चने की नई किस्मों जे.जी.-24, जे.जी.-36, जे.जी.-12, जे.जी.-52, जे.जी.-18, आर.वी.जी.-204 और आर.वी.जी.-205 की बुवाई करने की सलाह दी। अलसी की खेती के लिए जवाहर अलसी-66, जवाहर अलसी-67, जवाहर अलसी-79 और जवाहर अलसी-95 किस्मों की जानकारी भी दी गई।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

बुवाई से पहले बीज उपचार जरूरी

डॉ. प्रजापति ने बताया कि बुवाई से पहले प्रति किलोग्राम बीज को 2 ग्राम थायरम अथवा मैन्कोजेब से उपचारित करना चाहिए। इसके बाद दीमक नियंत्रण के लिए क्लोरोपायरीफॉस की 4 मिलीलीटर मात्रा का उपयोग करना चाहिए। अंत में एजोटोबैक्टर एवं पीएसबी कल्चर से बीज उपचार कर उसे छाया में सुखाने के बाद बुवाई करनी चाहिए। उन्होंने किसानों को गेहूं और चने की बुवाई सुपर सीडर मशीन से करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इस मशीन की मदद से खेत की जुताई किए बिना पिछली फसल के अवशेषों को छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में दबाया जा सकता है। इसके साथ ही बीज की बुवाई भी की जा सकती है। मिट्टी में दबे फसल अवशेष सड़कर जैविक खाद में बदल जाते हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ती है और फसल उत्पादन में वृद्धि होती है। इसके उपयोग से बीज की मात्रा भी कम लगती है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

फसल अवशेष जलाने के नुकसान बताए

केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. दीपक चौहान और डॉ. नितिन सिंघई ने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फसल अवशेष जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति कम होती है और निकलने वाले धुएं से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इससे अवशेषों में मौजूद महत्वपूर्ण पोषक तत्व भी नष्ट हो जाते हैं, जिससे मिट्टी की सेहत प्रभावित होती है। उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों को खेत की सतह पर पलवार के रूप में इस्तेमाल करने अथवा मिट्टी में मिलाकर उनका प्रबंधन करने की सलाह दी। इसके लिए रोटरी टिलर, रोटावेटर, हैप्पी सीडर, रोटो-टिल ड्रिल, सुपर सीडर और मोल्ड बोर्ड हल जैसे कृषि उपकरणों के उपयोग के बारे में बताया।

जैव उर्वरक रासायनिक खाद के पूरक, विकल्प नहीं

कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने जैव उर्वरकों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जैव उर्वरकों के उपयोग से वायुमंडल में मौजूद नाइट्रोजन पौधों को आसानी से उपलब्ध होती है। इसके साथ ही मिट्टी में मौजूद अघुलनशील फास्फोरस और अन्य पोषक तत्व घुलनशील अवस्था में परिवर्तित होकर पौधों को मिलते हैं। वैज्ञानिकों ने बताया कि जैव उर्वरक प्राकृतिक होने के कारण मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं। हालांकि, जैव उर्वरक रासायनिक उर्वरकों के विकल्प नहीं, बल्कि उनके पूरक हैं। रासायनिक और जैव उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने से बेहतर कृषि उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture