Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

शहडोल: खेत की मेढ़ों पर अरहर उगाकर आत्मनिर्भर बन रहे किसान, धान के साथ मिल रहा 150 किलो तक अतिरिक्त उत्पादन  

24 नवंबर 2026, भोपाल: शहडोल: खेत की मेढ़ों पर अरहर उगाकर आत्मनिर्भर बन रहे किसान, धान के साथ मिल रहा 150 किलो तक अतिरिक्त उत्पादन – मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू विकासखंड का सुडवार गांव खेती में नवाचार और आत्मनिर्भरता की मिसाल बनकर उभर रहा है। यहां के किसान सीमित कृषि भूमि का बेहतर उपयोग करने के लिए धान की खेती के साथ खेतों की मेढ़ों पर अरहर की फसल उगा रहे हैं। इस पहल से किसानों को धान के साथ अतिरिक्त दलहन उत्पादन मिल रहा है। इतना ही नहीं, परिवारों की सालभर की दाल की जरूरत भी अपने खेतों से पूरी हो रही है। किसानों का यह प्रयोग अब आसपास के गांवों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है।

मेढ़ों का सदुपयोग कर उगा रहे अरहर

सुडवार गांव के किसान संतोष सिंह लगभग दो एकड़ जमीन पर धान की खेती करते हैं। पहले उनके खेतों की मेढ़ खाली पड़ी रहती थी, जहां घास और खरपतवार उगते थे। उन्होंने इन मेढ़ों पर अरहर की फसल लगाना शुरू किया। इससे उन्हें धान के साथ लगभग 130 से 150 किलोग्राम तक अरहर का उत्पादन मिलने लगा है। संतोष सिंह के मुताबिक, मेढ़ों पर अरहर की खेती से उनके परिवार की सालभर की दाल की जरूरत पूरी हो जाती है। साथ ही, खेत की खाली पड़ी मेढ़ों का भी बेहतर उपयोग हो रहा है।

इसी तरह गांव के किसान हरीदीन सिंह लगभग एक एकड़ जमीन में धान की खेती के साथ खेतों की मेढ़ों पर अरहर उगाते हैं। इससे उन्हें 60 से 80 किलोग्राम तक दाल प्राप्त हो जाती है। इस पद्धति के फायदे को देखते हुए अब गांव के अधिकांश किसान इसे अपना रहे हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

विभागीय प्रोत्साहन से बढ़ा नवाचार, दूसरे गांवों के लिए बना मॉडल

गोहपारू विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सी.बी. बागरी ने बताया कि सुडवार गांव में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया था। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। किसान धान की परंपरागत खेती जारी रखते हुए खेतों की मेढ़ों पर अरहर का उत्पादन कर रहे हैं। एक एकड़ खेत की मेढ़ों से लगभग 60 से 80 किलोग्राम तक अरहर प्राप्त हो रही है। उन्होंने बताया कि यदि खेत की एक मेढ़ दो किसानों की जमीन की सीमा पर है, तो दोनों किसान अपनी-अपनी ओर अरहर की फसल लगा सकते हैं। इस पहल से आसपास के गांवों के किसान भी प्रेरित हो रहे हैं।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

जिले में लगातार बढ़ रहा दलहन का रकबा

सहायक संचालक कृषि रामेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले में पिछले चार-पांच वर्षों से विभागीय योजनाओं के माध्यम से दलहन फसलों का क्षेत्र विस्तार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप खरीफ में अरहर और रबी में चना व मसूर की खेती का रकबा बढ़ा है।

जिले में खरीफ वर्ष 2025 में कुल 27 हजार 500 हेक्टेयर क्षेत्र में दलहन की खेती की गई थी। खरीफ वर्ष 2026 में यह रकबा बढ़कर 28 हजार 150 हेक्टेयर हो गया है। इसी अवधि में अरहर का रकबा 14 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 14 हजार 350 हेक्टेयर पहुंच गया है। वहीं, उड़द के रकबे में 200 हेक्टेयर और मूंग के रकबे में 100 हेक्टेयर की वृद्धि दर्ज की गई है।

इसी तरह रबी वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 16.09 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में दलहन की खेती की गई थी। इस वर्ष इसके लिए 17.50 हजार हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें चना, मटर, मसूर सहित अन्य दलहन फसलें शामिल हैं।

छोटे नवाचार से आत्मनिर्भरता की राह

सुडवार गांव के किसानों की यह पहल दिखाती है कि खेती में छोटे-छोटे नवाचार अपनाकर भी बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। खेतों की खाली मेढ़ों पर अरहर उगाकर किसान अतिरिक्त उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं और अपनी घरेलू जरूरतें भी पूरी कर रहे हैं। सुडवार गांव का यह मॉडल कम भूमि वाले किसानों के लिए भी खेती में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर आत्मनिर्भर बनने की राह दिखा रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture