राज्य कृषि समाचार (State News)

सिवनी: गुड़ निर्माण इकाई का निरीक्षण,मूल्य संवर्धन आधारित कृषि मॉडल की सराहना

10 अगस्त 2026, सिवनी: सिवनी: गुड़ निर्माण इकाई का निरीक्षण,मूल्य संवर्धन आधारित कृषि मॉडल की सराहना – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं विधायक श्री दिनेश राय ने ग्राम मड़वा पहुंचकर प्रगतिशील कृषक श्री भगवत पटेल द्वारा उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन (PMFME) योजना के माध्यम से लगभग 30.17 लाख रुपये की लागत से स्थापित गुड़ निर्माण इकाई का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गन्ना उत्पादन, गुड़ निर्माण की प्रक्रिया, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, विपणन व्यवस्था तथा उससे होने वाले लाभ की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कृषक श्री भगवत पटेल ने बताया कि उनकी इकाई में तैयार होने वाला गुड़ वर्तमान में मध्यप्रदेश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार एवं राजस्थान सहित अन्य राज्यों तथा स्थानीय बाजारों में भी विक्रय किया जा रहा है, जिससे उन्हें बेहतर बाजार और लाभ प्राप्त हो रहा है। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं विधायक श्री दिनेश राय ने कृषक द्वारा कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर स्थापित किए गए इस सफल मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहलें किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रही हैं।

 कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इकाई संचालक को तकनीकी मार्गदर्शन के साथ-साथ ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग में भी सतत सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि उनके उत्पादों को और अधिक व्यापक बाजार उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने ऐसे सफल उद्यमियों के अनुभवों को अन्य किसानों एवं युवाओं तक पहुंचाकर उन्हें भी कृषि आधारित प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। विधायक श्री दिनेश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना किसानों एवं ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार का उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने युवाओं से कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन आधारित उद्योगों की स्थापना कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया तथा कहा कि ऐसे सफल मॉडल जिले में कृषि उद्यमिता को नई दिशा देंगे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture