सिवनी: खेतों में पहुंचे कलेक्टर और विधायक, उन्नत खेती को दिया प्रोत्साहन
10 अगस्त 2026, सिवनी: सिवनी: खेतों में पहुंचे कलेक्टर और विधायक, उन्नत खेती को दिया प्रोत्साहन – प्रदेश शासन के निर्देशानुसार पूरे मध्यप्रदेश सहित सिवनी जिले में शुक्रवार से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं विधायक श्री दिनेश राय ने ग्राम जैतपुर कला सहित विभिन्न ग्रामों का मैदानी भ्रमण कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों का अवलोकन किया तथा किसानों से संवाद कर खेती-किसानी से जुड़ी गतिविधियों, उत्पादन एवं आय संबंधी जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं विधायक श्री दिनेश राय ने सर्वप्रथम ग्राम जैतपुर कला में कृषक दीनदयाल विश्वकर्मा के खेत पहुंचकर राष्ट्रीय खाद्य एवं पोषण सुरक्षा मिशन के अंतर्गत लगाए गए HQPM-05 हाई क्वालिटी प्रोटीन मक्का प्रदर्शन का अवलोकन किया। कृषि अधिकारियों ने बताया कि यह वर्ष 2020 में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली द्वारा विकसित बायो फोर्टिफाइड मक्का की उन्नत किस्म है। इसमें सामान्य मक्का की तुलना में 15 से 20 प्रतिशत अधिक प्रोटीन तथा 65 से 70 प्रतिशत कार्बोहाइड्रेट पाया जाता है। इसकी औसत उत्पादकता 40 से 45 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तथा परिपक्वता अवधि 95 से 130 दिन है। यह उन्नत किस्म किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा को भी मजबूत बनाने में सहायक है। जिले में इस योजना के अंतर्गत वर्तमान में 800 हाई क्वालिटी प्रोटीन मक्का प्रदर्शनों का संचालन किया जा रहा है।
इसके पश्चात कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं विधायक श्री दिनेश राय ने 22 एकड़ भूमि में चिया सीड का उत्पादन कर रहे कृषक श्री रंजीत बघेल के खेत पहुंचकर फसल का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्पादन, लागत, विपणन व्यवस्था एवं संभावित आय सहित खेती से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विधायक श्री दिनेश राय ने किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ नकदी एवं उच्च मूल्य वाली फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आधुनिक एवं बाजार आधारित खेती अपनाकर किसान अपनी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिया सीड फसल की सुरक्षा, वैज्ञानिक प्रबंधन, गुणवत्ता संरक्षण तथा विपणन एवं विक्रय संबंधी आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन समय पर किसानों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके। उन्होंने नवाचार आधारित खेती करने वाले किसानों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सफल प्रयोग जिले के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेंगे और कृषि के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं विधायक श्री दिनेश राय ने कहा कि चिया सीड एवं हाई क्वालिटी प्रोटीन मक्का जैसी उन्नत, पोषण युक्त एवं अधिक आय देने वाली फसलों की खेती को जिले में व्यापक स्तर पर बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि परंपरागत खेती के साथ ऐसी नवाचार आधारित फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं, वहीं प्रदेश की पोषण सुरक्षा को भी सुदृढ़ बनाया जा सकता है। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि चिया सीड एवं हाई प्रोटीन मक्का की वैज्ञानिक खेती, फसल प्रबंधन, गुणवत्ता संरक्षण, विपणन तथा शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए। साथ ही ऐसे सफल किसानों के अनुभवों को अन्य किसानों तक पहुंचाकर उन्हें उन्नत एवं लाभकारी खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे जिले में कृषि नवाचारों को और अधिक बढ़ावा मिल सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

