Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

बीज उत्पादक सहकारी समितियाँ भुगतान के लिए परेशान, सदस्यों ने दिया धरना, किया प्रदर्शन

2 अक्टूबर 2021, भोपाल । बीज उत्पादक सहकारी समितियाँ भुगतान के लिए परेशान, सदस्यों ने दिया धरना, किया प्रदर्शन – प्रादेशिक कृषक बीज उत्पादक संघ ने गत दिवस वर्षों से लम्बित भुगतान की मांग को लेकर बीज संघ कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। आमसभा की जानकारी समय पर नहीं देने से नाराज बीज उत्पादक समितियों के सदस्यों ने बीज संघ की कार्यप्रणाली बदलने, प्रबंध संचालक को हटाने एवं लम्बित भुगतान तुरंत कराने की मांग की।

भुगतान के लिए परेशान सहकारी समिति के सदस्यों ने बीज संघ के संस्थापक एवं लोक निर्माण मंत्री श्री गोपाल भार्गव को मांगों का ज्ञापन सौंपा। श्री भार्गव ने सदस्यों को शीघ्र भुगतान कराने का आश्वासन दिया।

संघ के श्री विक्रम तिवारी ने बताया कि विगत 15-16 वर्षों से बीज संघ से जुड़े सदस्यों को कोई मदद नहीं मिल रही है। पूर्व में संघ की अन्नपूर्णा, सूरजधारा तथा अन्य योजनाओं के तहत बीज उपलब्ध कराने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया है जिससे सदस्यों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

सदस्यों ने आरोप लगाया कि बीज संघ ठीक तरह से कार्य नहीं कर रहा है जो बीज उत्पादक समिति के सदस्यों के साथ छल है। अगर यही हालात रहे तो सदस्यता वापस लेने पर विचार किया जाएगा।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें