Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

एल-नीनो के असर से सूखे का खतरा, पशुओं के चारे की चिंता खत्म करेगा साइलेज; जानें बनाने का तरीका

05 नवंबर 2026, भोपाल: एल-नीनो के असर से सूखे का खतरा, पशुओं के चारे की चिंता खत्म करेगा साइलेज; जानें बनाने का तरीका –  एल-नीनो के प्रभाव से मानसून की स्थिति प्रभावित होने और कुछ क्षेत्रों में सूखे एवं अत्यधिक गर्मी की परिस्थितियां बनने की आशंका रहती है। ऐसी स्थिति में पशुओं के लिए हरे चारे की उपलब्धता कम हो सकती है। इसका असर दुग्ध उत्पादन और पशुपालन से होने वाली आय पर भी पड़ सकता है। इस संभावित चुनौती से निपटने के लिए साइलेज निर्माण और भंडारण एक प्रभावी वैज्ञानिक तकनीक है। इसके जरिए हरे चारे को लंबे समय तक सुरक्षित रखकर पशुओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा सकता है।

संयुक्त संचालक पशुपालन एवं डेयरी इंदौर संभाग डॉ. मनीष इंगोले ने पशुपालकों से अपील की है कि हरे चारे की उपलब्धता के समय ही पर्याप्त मात्रा में साइलेज तैयार कर उसका सुरक्षित भंडारण करें। उन्होंने बताया कि साइलेज हरे चारे को वायु रहित अवस्था में किण्वन प्रक्रिया के माध्यम से संरक्षित करने की विधि है। इससे वर्षभर पशुओं के लिए पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण चारे की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है। खासतौर पर सूखे और चारे की कमी के दौरान यह तकनीक पशुपालकों के लिए उपयोगी साबित होती है।

किन फसलों से बना सकते हैं साइलेज?

अच्छी गुणवत्ता का साइलेज बनाने के लिए मक्का, ज्वार, बाजरा, जई और अन्य उपयुक्त चारा फसलों का चयन किया जा सकता है। फसल को उचित अवस्था में काटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में तैयार किया जाता है। इसके बाद चारे को साइलेज बंकर, गड्ढे या विशेष प्लास्टिक बैग में परत-दर-परत भरकर अच्छी तरह दबाया जाता है, ताकि अंदर की हवा पूरी तरह निकल जाए।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

आवश्यकतानुसार इसमें गुड़, नमक और उपयुक्त जैविक कल्चर मिलाकर पॉलीथिन से वायुरहित तरीके से बंद कर दिया जाता है। इस प्रक्रिया में चारे में मौजूद लाभकारी जीवाणुओं के कारण किण्वन होता है और चारा सुरक्षित रहता है। साइलेज को इस्तेमाल करने से पहले कम से कम 45 दिनों तक वायुरहित अवस्था में भंडारित करना जरूरी है। उचित तरीके से तैयार और सुरक्षित रखा गया साइलेज लगभग दो साल तक उपयोग योग्य रह सकता है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

साइलेज बनाने के लिए किन संसाधनों की जरूरत?

साइलेज निर्माण के लिए साइलेज बंकर, एचडीपीई साइलेज बैग, प्लास्टिक शीट, ट्रैक्टर, ट्रॉली, चारा कटाई मशीन, पावर कुट्टी मशीन और जरूरत के अनुसार चारा हार्वेस्टर की आवश्यकता होती है। बड़े स्तर पर साइलेज तैयार करने के लिए उपयुक्त क्षमता वाली कटाई और पैकिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

भंडारण के लिए कंक्रीट के स्थायी बंकर, प्लास्टिक बैग और पॉलीथिन कवर वाली बेलर व्यवस्था उपयोगी है। छोटे पशुपालक 50 से 1000 किलोग्राम क्षमता वाले साइलेज बैग का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, बड़े स्तर पर 3 से 500 मीट्रिक टन क्षमता तक के साइलेज बंकर स्थापित किए जा सकते हैं।

साइलेज निर्माण से खुलेंगे स्वरोजगार के अवसर

डॉ. इंगोले के अनुसार, साइलेज निर्माण केवल पशुओं के लिए चारा संरक्षित करने की तकनीक नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता का अच्छा अवसर भी है। किसान, युवा, किसान उत्पादक संगठन (FPO), सहकारी संस्थाएं और स्वयं सहायता समूह साइलेज निर्माण इकाइयां स्थापित कर स्थानीय पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण साइलेज उपलब्ध करा सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर चारे की उपलब्धता बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ आय के नए अवसर भी विकसित होंगे।

NLM योजना के तहत 50 लाख रुपए तक अनुदान

साइलेज निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार की राष्ट्रीय पशुधन मिशन (NLM) योजना के अंतर्गत उद्यमिता विकास कार्यक्रम में वित्तीय सहायता का प्रावधान है। डॉ. इंगोले ने बताया कि योजना के तहत पात्र साइलेज प्लांट परियोजनाओं की लागत का 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा सकता है। इसकी अधिकतम सीमा 50 लाख रुपए तक है। शेष राशि बैंक ऋण या स्वयं के निवेश से लगाई जा सकती है।

व्यक्तिगत उद्यमी, FPO, सहकारी संस्थाएं, स्वयं सहायता समूह (SHG) और अन्य पात्र संस्थाएं इस योजना के तहत आवेदन कर सकती हैं। अनुदान SIDBI के माध्यम से संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था के जरिए प्रदान किया जाता है। इसके अलावा मध्यप्रदेश MSME विकास नीति 2021, जिसमें सितंबर 2023 में संशोधन किया गया था, के तहत पात्र सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को निवेश प्रोत्साहन सहित विभिन्न वित्तीय सुविधाओं का लाभ भी मिल सकता है।

पशुपालकों से साइलेज अपनाने की अपील

डॉ. इंगोले ने पशुपालकों, किसानों और युवाओं से साइलेज निर्माण अपनाने का आग्रह किया है। इससे पशुओं के लिए सालभर पौष्टिक चारे की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है। साथ ही इसे लाभकारी व्यवसाय के रूप में भी विकसित किया जा सकता है। इस तकनीक से पशुपालन की उत्पादकता बढ़ाने, दुग्ध उत्पादन बनाए रखने और विपरीत मौसमी परिस्थितियों में होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

साइलेज निर्माण की तकनीक, इकाई स्थापना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन और MSME योजनाओं की विस्तृत जानकारी के लिए नजदीकी पशु चिकित्सालय या जिला पशुपालन एवं डेयरी विभाग कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture