Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

राज्य सरकार की नीतियों से राजस्थान सौर ऊर्जा में अव्वल : मुख्यमंत्री

राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम और कोल इंडिया लि. के बीच 1190 मेगावाट सोलर पार्क के लिए हुआ एमओयू

22 अक्टूबर 2022, जयपुर । राज्य सरकार की नीतियों से राजस्थान सौर ऊर्जा में अव्वल : मुख्यमंत्री  – मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य बन चुका है। राज्य द्वारा नवीन सौर ऊर्जा व पवन ऊर्जा नीति लाने तथा नियमों का सरलीकरण करने से अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार निवेश आ रहा है। इन्वेस्ट राजस्थान समिट में भी सबसे ज्यादा एमओयू सौर ऊर्जा के क्षेत्र में ही साइन हुए हैं।

मुख्यमंत्री कोल इंडिया लि. तथा राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के बीच 1190 मेगावाट की सोलर परियोजना की स्थापना के लिए एमओयू स्थापित होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हमेशा अक्षय ऊर्जा संसाधनों को प्रोत्साहन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोल इंडिया का राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के साथ सोलर परियोजना के लिए 5400 करोड़ रूपए का एमओयू राज्य सरकार व केन्द्र के बीच अच्छे तालमेल का द्योतक है। श्री गहलोत ने कहा कि सोलर पार्क की स्थापना से कोयले की बचत एवं प्रदूषण में कमी के साथ-साथ आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जा सकेगी।

प्रदेश में ही हो सोलर प्लांट के लिए आवश्यक उपकरणों का उत्पादन

श्री गहलोत ने कहा कि राज्य में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बढ़ रहे निवेश का लाभ प्रदेशवासियों को देने के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने हेतु आवश्यक उपकरणों के उत्पादन तथा असेंबली का कार्य राज्य में ही किया जाना चाहिए। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकेंगे।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
सौर ऊर्जा परियोजनाओं में राजस्थान प्रथम

उल्लेखनीय है कि 14 हजार 825 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाओं की स्थापना कर राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर है। आमजन को सौर ऊर्जा उत्पादन से जोडऩे के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है एवं राज्य में 835 मेगावाट क्षमता के सोलर रूफ टॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

कोल इंडिया लि. के अध्यक्ष श्री प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि कोल इंडिया राज्यों को प्राथमिकता से कोयला उपलब्ध करा रहा है। ऊर्जा विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री भास्कर ए सावंत ने कहा कि बीकानेर में सोलर पार्क की स्थापना हरित ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इस अवसर पर पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री श्री गोविंद सिंह डोटासरा, सांसद श्री रामचरण बोहरा, महापौर जयपुर ग्रेटर श्रीमती शील धाभाई, केन्द्र सरकार में अति. कोयला सचिव श्री एम नागराजू, राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक श्री आरके शर्मा सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।

महत्वपूर्ण खबर:छत्तीसगढ़ बनेगा देश का मिलेट हब: मुख्यमंत्री श्री बघेल