राजस्थान: पीएमएफएमई योजना को लेकर कृषि मंडी में हुई महत्वपूर्ण बैठक, अधिकारियों एवं व्यापारियों ने रखे सुझाव
27 मई 2026, जयपुर: राजस्थान: पीएमएफएमई योजना को लेकर कृषि मंडी में हुई महत्वपूर्ण बैठक, अधिकारियों एवं व्यापारियों ने रखे सुझाव – राजस्थान में कृषि उपज अनाज मंडी में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में योजना के उद्देश्यों, इसके प्रभावी क्रियान्वयन, व्यापारियों और उद्यमियों को मिलने वाले लाभ, स्वरोजगार के अवसरों तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही योजना के संचालन में आ रही कमियों और व्यावहारिक समस्याओं पर भी गंभीर मंथन किया गया।
बैठक में अधिकारियों और व्यापारियों ने इस बात पर जोर दिया कि पीएमएफएमई योजना को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक इसका लाभ पहुंच सके। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मजबूत बनाकर स्थानीय किसानों, व्यापारियों और उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
लाभार्थियों को वितरित किए गए सब्सिडी चेक
कार्यशाला के दौरान पीएमएफएमई योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी के चेक वितरित कर सम्मानित भी किया गया। लाभार्थियों ने योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें स्वरोजगार और उद्योग स्थापित करने में नई दिशा दी है।
इस अवसर पर कृषि उपज अनाज मंडी के सचिव श्री महेश शर्मा ने भावुक अंदाज में अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि यदि पीएमएफएमई योजना और चीफ जिला रिसोर्स पर्सन श्री अजेंद्र सिंह का सहयोग नहीं मिला होता, तो शायद आज भी वह केवल पुजारी के रूप में जीवन यापन कर रहे होते। उन्होंने कहा कि इस योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने और एक सफल व्यापारी एवं उद्यमी के रूप में आगे बढ़ने का अवसर दिया। महेश शर्मा की इस मार्मिक अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, व्यापारियों और उद्यमियों को भावुक कर दिया।
कई अधिकारी और व्यापारी रहे मौजूद
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव श्री देवेश देवल ने कहा कि ऐसी योजनाएं तभी सफल मानी जाती हैं जब वे किसी व्यक्ति के जीवन में वास्तविक बदलाव लाकर उसे आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम बनें। उन्होंने योजना के बेहतर क्रियान्वयन और अधिक लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में राजस्थान कृषि विपणन बोर्ड के निदेशक श्री राजेश चौहान, संयुक्त निदेशक श्री बलवीर मीणा, किशनगढ़ मंडी सचिव श्री ओम प्रकाश चौधरी, मंडी सचिव निवाई डॉ. कमल किशोर सोनी, अतिरिक्त मंडी सचिव मालपुरा सुश्री प्रियंका गर्ग, सचिव देवली श्री कुलदीप सिंह मीणा, दूनी सचिव सुश्री मुस्कान नरेडा, जैतारण मंडी सचिव सुश्री आरती, कृषि मंडी सचिव ब्यावर श्री बनवारी लाल माथुर सहित विभिन्न मंडियों के अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी और पीएमएफएमई योजना के लाभार्थियों ने भाग लिया तथा योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखने का संकल्प लिया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

