राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान अपेक्स बैंक का 20 हजार करोड के फसली ऋण वितरण का लक्ष्य

23 सितम्बर 2022, जयपुर: राजस्थान अपेक्स बैंक का 20 हजार करोड के फसली ऋण वितरण का लक्ष्य – अपेक्स बैंक, प्रशासक एवं प्रमुख शासन सचिव, सहकारिता श्रीमती श्रेया गुहा ने कहा कि अपेक्स बैंक अपने उपभोक्ताओं को शीघ्र ही साइबर बीमा उपलब्ध करायेगा ताकि साइबर धोखाधड़ी से होने वाले नुकसान की भरपाई की जा सके।

श्रीमती श्रेया गुहा ने वर्चुअल तरीके से आयोजित अपेक्स बैंक की 66 वीं साधारण सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अपेक्स बैंक द्वारा वर्ष 2021-22 की अवधि में 70 करोड़ 87 लाख रुपये का शद्ध लाभ अर्जित किया। साधारण सभा के सम्मुख संस्था के वर्ष 2022-23 की अवधि के लिये 13958.55 करोड़ रुपये में बजट का प्रस्ताव रखा, जिसका सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022-23 में 20 हजार करोड रूपये के फसली ऋण वितरण करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही वर्ष 2022-23 में 5 लाख नये कृषकों को जोड़ते हुये मत्स्य पालकों तथा पशुपालकों को भी शून्य ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। वर्ष 2021-22 में ऋण वितरण की ऑनलाइन प्रक्रिया से 28.47 लाख किसानों को 18101.68 करोड रूपये का फसली ऋण उपलब्ध करवाया गया।

श्रीमती श्रेया गुहा ने कहा कि नाबार्ड की पैक्स एज मल्टी सर्विस सेन्टर योजना में पैक्स को गोदाम निर्माण, उपभोक्ता भंडार, किसान सेवा केन्द्र आदि खोलने  के लिए  ऋण दिया जा रहा है। इस योजना में नाबार्ड द्वारा अपेक्स बैंक को 3 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण राशि का शत-प्रतिशत पुर्नभरण दिया जा रहा है एवं अपेक्स बैंक एवं केन्द्रीय सहकारी बैंक 1 प्रतिशत मार्जिन शेयर करते हुए 4 प्रतिशत पर यह ऋण पैक्स को उपलब्ध करवा रहे है। भारत सरकार द्वारा 3 प्रतिशत राशि ब्याज अनुदान के रूप में एग्री इन्फ्रा फंड से पैक्स को दी जाएगी । इस प्रकार पैक्स द्वारा मात्र 1 प्रतिशत ब्याज देय होगा ।

रजिस्ट्रार, सहकारिता श्री मुक्तानन्द अग्रवाल ने सुझाव दिया कि भारत सरकार द्वारा सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया है। पैक्स कम्प्यूटराइजेशन के लिए अपेक्स बैंक पैक्स का चयन करने में तेजी लाए। बैठक में सहकारिता विभाग व अपेक्स बैंक के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

महत्वपूर्ण खबर: किसान अब 1.60 लाख रुपये तक का ऋण  मोबाइल से ही स्वीकृत करा सकेंगे

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

Advertisements
Advertisement
Advertisement