रायपुर: घर बैठे ऑनलाइन टोकन, उपार्जन केंद्र में आसान बिक्री, किसान ने बेचा 55.20 क्विंटल धान
18 नवंबर 2026, रायपुर: रायपुर: घर बैठे ऑनलाइन टोकन, उपार्जन केंद्र में आसान बिक्री, किसान ने बेचा 55.20 क्विंटल धान – छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिल रही है। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसान घर बैठे ही धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर रहे हैं। नारायणपुर जिले के ग्राम दुग्गा बेंगाल निवासी किसान मनकेर दुग्गा ने भी ‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर एड़का धान उपार्जन केंद्र में अपनी उपज बेची। उन्होंने 55 क्विंटल 20 किलोग्राम धान का विक्रय किया, जिसका समर्थन मूल्य के अनुसार कुल 1 लाख 71 हजार 120 रुपये होता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू की गई है। शासन द्वारा किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के साथ उपार्जन केंद्रों में भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
मोबाइल से खुद प्राप्त किया ऑनलाइन टोकन
नारायणपुर जिले के ग्राम दुग्गा बेंगाल निवासी मनकेर दुग्गा, पिता जुन्गा दुग्गा, लगभग चार एकड़ भूमि में खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त करने के लिए उन्हें समिति के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने अपने मोबाइल से ‘तुंहर टोकन’ ऐप के जरिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया और निर्धारित तारीख पर एड़का उपार्जन केंद्र पहुंचकर 55.20 क्विंटल धान बेचा।
किसान मनकेर दुग्गा ने बताया कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से उनके समय की बचत हुई और धान बेचने की पूरी प्रक्रिया आसान रही। उपार्जन केंद्र में भी उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलने से खेती-किसानी के प्रति उत्साह बढ़ता है। धान खरीदी की बेहतर व्यवस्थाओं के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया।
नारायणपुर में 17 से बढ़ाकर 19 किए गए धान उपार्जन केंद्र
जिले में किसानों को धान बेचने के लिए अधिक सुविधा देने के उद्देश्य से इस वर्ष उपार्जन केंद्रों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19 कर दी गई है। इसके तहत हलामीमुंजमेटा और तारागांव में दो नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इससे संबंधित क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिल रही है।
नारायणपुर जिले में कुल 10 हजार 686 किसान पंजीकृत हैं। इनका कुल पंजीकृत कृषि रकबा 13 हजार 63.08 हेक्टेयर है। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। किसानों को ऑनलाइन ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के अलावा संबंधित समितियों के माध्यम से ऑफलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा भी दी जा रही है।
धान खरीदी की शुरुआत के साथ किसान मनकेर दुग्गा का अनुभव बताता है कि ऑनलाइन टोकन और उपार्जन केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं से किसानों के लिए धान बेचना आसान हो रहा है। घर बैठे टोकन प्राप्त करने और निर्धारित तारीख पर उपज बेचने की सुविधा से किसानों के समय और श्रम की बचत हो रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


