रायपुर: गेंदा की खेती से चमकी किसान की किस्मत, एक एकड़ में 5 लाख की बिक्री; ओडिशा तक पहुंच रहे फूल
24 नवंबर 2026, रायपुर: रायपुर: गेंदा की खेती से चमकी किसान की किस्मत, एक एकड़ में 5 लाख की बिक्री; ओडिशा तक पहुंच रहे फूल – खेती में नई सोच, मेहनत और बाजार की मांग के अनुसार फसल का चयन किया जाए तो इससे बेहतर आमदनी हासिल की जा सकती है। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल ने गेंदा फूल की खेती से इसे साबित किया है। वर्ष 2007-08 में शुरू किया गया उनका यह सफर आज 7 से 8 एकड़ में फैला हुआ है। उनके खेतों में तैयार गेंदा फूल की मांग छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी है। इस खेती से वे खुद अच्छी आमदनी अर्जित कर रहे हैं और स्थानीय स्तर पर 15 से 20 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं।
प्रदर्शनी में फूलों की मांग देखकर आया खेती का विचार
विद्याधर पटेल बताते हैं कि वे वर्ष 1994-95 से सब्जी-भाजी की खेती कर रहे थे। इस दौरान रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में गमलों के माध्यम से सब्जियों की खेती का प्रदर्शन भी करते थे। इन्हीं प्रदर्शनियों में उन्होंने गेंदा फूल की अच्छी मांग और बिक्री देखी। इससे उन्हें इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने का विचार आया। इसके बाद वर्ष 2007-08 में उन्होंने गेंदा फूल की खेती शुरू की। शुरुआती अनुभवों से सीखते हुए उन्होंने धीरे-धीरे इसका रकबा बढ़ाया और आज 7 से 8 एकड़ में गेंदा का उत्पादन कर रहे हैं।
पॉलीबैग तकनीक अपनाकर कम किया नुकसान का जोखिम
शुरुआत में गेंदा फूल की खेती के दौरान उन्हें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पहले वे खुले खेत में पौधे तैयार करते थे, लेकिन कई बार बीजों का अंकुरण ठीक से नहीं होने के कारण दोबारा बीज मंगाकर बुवाई करनी पड़ती थी। इससे पौधे तैयार होने में देरी होती थी और दशहरा-दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों के सीजन में फूल बाजार तक नहीं पहुंच पाते थे। समय पर बिक्री नहीं होने से फूल खराब होने और लागत डूबने का खतरा भी बना रहता था।
इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने पॉलीबैग में पौधे तैयार करना शुरू किया। इस तकनीक से पौधों की तैयारी और फूलों की बिक्री के बीच बेहतर तालमेल बन सका। इसका फायदा यह हुआ कि दीपावली के दौरान फूलों की बिक्री नहीं होने पर भी बाद में उन्हें बाजार में बेचा जा सकता है। इससे फूल खराब होने और नुकसान की आशंका कम हुई।
एक एकड़ में 5 लाख रुपये तक की बिक्री
विद्याधर पटेल के अनुसार, गेंदा फूल की खेती से एक एकड़ में लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री होती है, जबकि इसकी लागत करीब 1 से 1.5 लाख रुपये प्रति एकड़ आती है। दशहरा से दीपावली तक गेंदा फूलों की सबसे ज्यादा मांग रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए वे उत्पादन और बिक्री की तैयारी करते हैं।
सिंचाई के लिए उनके पास दो निजी बोरवेल हैं। खेतों में पाइपलाइन बिछाने के साथ जरूरत के अनुसार ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है। इससे फसल की जरूरत के मुताबिक सिंचाई की जा रही है।
छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा तक पहुंच रही फूलों की सप्लाई
विद्याधर पटेल के खेतों में तैयार गेंदा फूल की मांग छत्तीसगढ़ के अलावा पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी है। ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ सहित कई क्षेत्रों में फूलों की नियमित आपूर्ति की जाती है। वहीं, छत्तीसगढ़ में सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर तक फूल भेजे जाते हैं।
सीजन के दौरान प्रतिदिन लगभग 12 से 15 गाड़ियों के माध्यम से फूलों का वितरण किया जाता है। फूलों की बिक्री नगद होती है। इसके साथ ही खेतों में काम करने वाले श्रमिकों और फूलों को बाजार तक पहुंचाने वाले वाहन चालकों का भुगतान भी नियमित रूप से किया जाता है।
परिवार का सहयोग, 15 से 20 लोगों को रोजगार
गेंदा फूल की खेती को आगे बढ़ाने में विद्याधर पटेल के परिवार की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उनकी पत्नी और तीनों बेटियां खेती के काम में बराबर सहयोग करती हैं। इसके अलावा गांव के 15 से 20 श्रमिक नियमित रूप से उनके साथ काम करते हैं। फूलों को बाजार तक पहुंचाने के लिए उनके अपने वाहनों के अलावा प्रतिदिन 8 से 10 वाहन किराये पर भी लेने पड़ते हैं। इस तरह उनकी खेती से गांव के श्रमिकों के साथ वाहन चालकों को भी रोजगार मिल रहा है।
गेंदा के साथ 4 से 5 एकड़ में कर रहे सब्जियों का उत्पादन
गेंदा फूल की खेती के अलावा विद्याधर पटेल लगभग 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। इसमें भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। गेंदा फूल का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इसके अलावा वे अपनी बाड़ी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी उगाते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


