जबलपुर में मिलेट्स खेती को बढ़ावा, 250 किसानों को निःशुल्क बांटे गए कोदो, कुटकी और रागी के बीज
17 जून 2026, जबलपुर: जबलपुर में मिलेट्स खेती को बढ़ावा, 250 किसानों को निःशुल्क बांटे गए कोदो, कुटकी और रागी के बीज – खाद्य एवं पोषण सुरक्षा योजना के अंतर्गत किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा मंगलवार को जबलपुर विकासखंड के ग्राम समनापुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में क्लस्टर प्रदर्शन हेतु सात गांवों के लगभग 250 किसानों को उन्नत किस्म के कोदो, कुटकी और रागी (मिलेट्स) के बीजों का निःशुल्क वितरण किया गया।
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार आयोजित किये गये इस कार्यक्रम में उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे, अनुविभागीय अधिकारी कृषि श्रीमती प्रतिभा गौर एवं वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती रश्मि परसाई ने किसानों को मोटे अनाज (मिलेट्स) की खेती को अपनाने के लिये प्रोत्साहित किया। कृषि विस्तार अधिकारी पुरुषोत्तम प्रजापति एवं सुश्री सोनम जैन की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम सुकरी, सालीवाडा, धवई, समनापुर, हुलकी, रीवा एवं छपरा के किसानों को कोदो कुटकी एवं रागी के बीज वितरित किये गये।
कम लागत और बिना रसायनों के बंपर पैदावार
कार्यक्रम के दौरान उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे ने किसानों को बताया कि कृषि से आय बढ़ाने और लागत कम करने के लिए मिलेट्स (मोटे अनाज) की खेती एक बड़ा परिवर्तनकारी कदम है। ये बेहद कम लागत में तैयार होने वाली फसलें हैं, जिन्हें बिना किसी रासायनिक उर्वरक (खाद) और कीटनाशकों के पूरी तरह प्राकृतिक रूप से उगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भविष्य की चुनौतियों और पानी की कमी को देखते हुए मिलेट्स की खेती किसानों के लिए एक बेहतरीन और मुनाफेदार विकल्प साबित होगी।
सेहत का खजाना हैं मिलेट्स
कृषिअधिकारियों ने मिलेट्स के औषधीय गुणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके दानों को कई प्रकार से भोजन में इस्तेमाल किया जा सकता है। यह मानव शरीर के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। इसके नियमित सेवन से शरीर में खून की कमी दूर होती है।कोलेस्ट्रॉल और ब्लड शुगर लेवल (डायबिटीज) नियंत्रित रहता है। वजन संतुलित करने और हड्डियों को मजबूती देने में यह बेहद मददगार है। शिशुओं के समग्र शारीरिक व मानसिक विकास के लिए भी यह बेहद उपयोगी है।
जनप्रतिनिधि और प्रगतिशील किसान रहे उपस्थित
इस उपयोगी और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि शिव प्रसाद मरकाम, प्रगतिशील कृषक नरेंद्र पटेल, पूरनलाल, राजेन्द्र, बाल किशन, धर्मेंद्र सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभी किसानों ने सरकार, जिला प्रशासन और कृषि विभाग की इस अनूठी पहल की सराहना की और बढ़-चढ़कर मिलेट्स की खेती करने का संकल्प लिया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Pap

