Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मंदसौर मंडी में लहसुन की भरपूर आवक , वाहनों की लम्बी कतारें लगीं  

28 मार्च 2022, इंदौर ।  मंदसौर मंडी में लहसुन की भरपूर आवक , वाहनों की लम्बी कतारें लगीं  – मंदसौर जिले में लहसुन का उत्पादन बहुत अधिक होता है। इसीलिए यहां की मंडी में लहसुन का दाम भी अच्छा मिलता है। आज सोमवार को  मंदसौर मंडी में लहसुन की भरपूर आवक हुई। मंडी गेट से स्टील नगर के बीच करीब तीन किमी तक करीब एक  हज़ार छोटे -बड़े वाहनों की कतारें लग गई है। फोर लेन में से तीन लेन पर वाहन फंसे हैं। सिर्फ एक तरफ का मार्ग चालू है। हालाँकि यातायात बहाल करने में पुलिस प्रशासन लगा हुआ है।  

इन वाहनों का वीडियो बनाने वाले ग्राम कोटला बहादुर के किसान श्री सुशील पाटीदार ने कृषक जगत को बताया कि अगले चार-पांच दिनों तक मंडी में अवकाश की घोषणा के चलते यह भीड़ बड़ी है। मंडी के अंदर जो माल गया है उसे तुलने में ही दो दिन लग जाएंगे ,ऐसे में मंडी के बाहर जो वाहन खड़े हैं उनको  मंडी में कब प्रवेश मिलेगा और इनका माल कब तुलेगा पता नहीं। छुट्टियों और वार्षिक लेखाबंदी के कारण बैंक में लेन -देन भी नहीं होगा। ऐसे में जो किसान वाहनों  में माल लेकर आए हैं उनको मंडी में वाहन खाली कर लौटाना पडेगा ,क्योंकि भाड़ा बहुत लग जाएगा। इसे लेकर मंडी प्रशासन क्या व्यवस्था करता है यह बाद में पता चलेगा।  दरअसल गत वर्ष किसानों को लहसुन का दाम अच्छा नहीं मिला था , इसलिए वे इस साल कोई स्टॉक नहीं कर अपना माल जल्दी बेचना चाहते हैं। मंदसौर मंडी में देसी लहसुन ऊँची, अच्छे पर्दे वाली ,बड़ी गांठ (करीब 50  ग्राम वाली )का भाव  4000 -4500  रु /क्विंटल ,औसत लहसुन का 2500 -3500  रु क्विंटल और ऊटी लहसुन 4000  -6000 रु प्रति क्विंटल के बीच बिक रही  है।