Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

पांढुर्ना: महिला कृषक उमा ने प्राकृतिक खेती से बढ़ाई आय

गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के साथ लागत में आई 50 प्रतिशत तक कमी

07 मार्च 2026, (उमेश खोड़े, कृषक जगत, पांढुर्ना): पांढुर्ना: महिला कृषक उमा ने प्राकृतिक खेती से बढ़ाई आय – मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाते हुए किसानों की आय में वृद्धि, लागत में कमी तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने की दिशा में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मध्य प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक किसान टिकाऊ खेती पद्धतियों को अपनाकर आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बने। इसी संकल्प को साकार करते हुए पांढुर्णा जिले के पांढुर्णा विकासखंड के ग्राम गोरलीखापा की महिला कृषक श्रीमती उमा डांगे ने प्राकृतिक खेती अपनाकर आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।

श्रीमती उमा डांगे जैसे महिला कृषकों के प्रयास शासन की योजनाओं का लाभ लेकर किसान कल्याण की भावना को जमीनी स्तर पर साकार कर रहे हैं। श्रीमती   डांगे पूर्व में रासायनिक पद्धति से खेती करती थीं। गेहूं, चना और मक्का जैसी फसलों में बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों पर प्रति एकड़ अधिक लागत आती थी। लगातार बढ़ती लागत और भूमि की गिरती उर्वरा शक्ति से वह चिंतित थीं। कृषि विभाग की सलाह पर उन्होंने प्राकृतिक खेती में रुचि दिखाई और इसे अपनाने तथा व्यवहार में लाने का निर्णय लिया। उन्होंने शुरुआत में आधा एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक पद्धति से खेती करने का निर्णय लिया। आत्मा परियोजना के अधिकारियों द्वारा बताई गई पद्धतियों के अनुसार उन्होंने जीवामृत, निर्मास्त्र, घन जीवामृत, दशपर्णी अर्क आदि का उपयोग फसलों पर करना शुरू किया। प्रथम बार के उपयोग से ही उन्हें अच्छे परिणाम मिले और लागत में लगभग 50 प्रतिशत तक कमी आई।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

इसके साथ ही उन्होंने गुलाब के 250 पौधे लगाए, जिनमें प्राकृतिक विधि का उपयोग किया गया। इससे उन्हें अच्छी गुणवत्ता के फूल प्राप्त हो रहे हैं। श्रीमती डांगे ने बताया कि वे गेहूं, चना और अरहर फसलों में भी प्राकृतिक पद्धति का उपयोग कर रही हैं, जिससे लागत में 50 प्रतिशत तक कमी आई है और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त हो रहा है। श्रीमती उमा डांगे के अनुसार प्राकृतिक खेती अपनाने से उनकी लागत में 50 प्रतिशत तक कमी आई है तथा मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी बढ़ी है। इसके साथ ही उन्हें गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक उत्पादन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से रसायन मुक्त अनाज एवं सब्जियां मिल रही हैं, जो स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक हैं। एक एकड़ खेत से उन्हें लगभग डेढ़ लाख रुपये तक का लाभ प्राप्त हो रहा है। उमा डांगे अपने आसपास के किसानों को जीवामृत, निर्मास्त्र और दशपर्णी अर्क बनाने एवं उपयोग करने की पूरी विधि बता रही हैं तथा किसानों और महिलाओं को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनके प्रयास अन्य किसानों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बन रहे हैं।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture