Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

कटनी जिले में धान खरीदी, रिकॉर्ड स्तर पर किसानों ने पंजीयन कराया

24 नवंबर 2025, कटनी: कटनी जिले में धान खरीदी, रिकॉर्ड स्तर पर किसानों ने पंजीयन कराया – कटनी जिले में 1 दिसंबर से किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने जा रही है। किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने 89 खरीदी केंद्र बनाए हैं, जिनमें से 86 केंद्रों को स्वीकृति मिल चुकी है। इस बार रिकॉर्ड स्तर पर किसानों ने पंजीयन कराया है, जिससे संकेत मिल रहा है कि खरीदी सीजन में भारी मात्रा में धान की आवक होगी। किसानों ने उम्मीद जताई है कि इस बार समय पर खरीदी, त्वरित भुगतान और उचित परिवहन व्यवस्था से उन्हें राहत मिलेगी और धान बिक्री में कोई समस्या नहीं होगी।

इस वर्ष 62,658 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 53,153 थी। यह आंकड़ा दर्शाता है कि किसानों में इस बार सरकारी खरीदी को लेकर अधिक उत्साह है। समय-समय पर अच्छी बारिश व औसत से अधिक बारिश के कारण जिले में इस बार धान की अच्छी फसल आई है। जिले में 4.75 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पिछले वर्ष 4.11 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया था। इस बार धान के समर्थन मूल्य में 96 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी की गई है। वर्ष 2024 में जहां 2,283 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी गई थी, वहीं इस वर्ष 2,369 रुपए प्रति क्विंटल के दर से खरीदी की जाएगी। किसानों को इस बढ़ी राहत से मामूली लाभ मिलेगा, लेकिन अन्नदाता संतुष्ट नहीं हैं। हालांकि किसानों का कहना है कि उत्पादन लागत में वृद्धि के अनुपात में समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी अभी भी सीमित है। महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से इस बार जिले के तीन खरीदी केंंद्र महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपे गए हैं। इनमें हदरहटा खरीदी केंद्र एक और दो, पिपरिया कला नंबर दो केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर समस्त खरीदी, तौल और प्रबंधन की जिम्मेदारी महिलाओं के पास होगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture