Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, 33 जिलों के 1,606 केंद्रों में शुरू हुआ उपार्जन; अब तक 1.98 लाख क्विंटल धान की खरीदी

18 नवंबर 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, 33 जिलों के 1,606 केंद्रों में शुरू हुआ उपार्जन; अब तक 1.98 लाख क्विंटल धान की खरीदी – छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के 33 जिलों में बनाए गए 3,095 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान खरीदा जा रहा है। 15 नवंबर 2026 तक प्रदेश के 1,606 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 1,98,364.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। राज्य सरकार ने इस वर्ष किसानों से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने की व्यवस्था की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में शामिल होने के लिए धरमजयगढ़ पहुंचकर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की उपस्थिति में धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। इससे विशेष रूप से कम उत्पादन वाले जनजातीय और वनांचल क्षेत्रों के किसानों को राहत मिलेगी।

कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कई बार कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के कारण किसान निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ के अनुपात में धान नहीं बेच पाते। ऐसी स्थिति में भी पात्र किसानों को उनके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के बराबर की आदान सहायता राशि भी उसे मिलेगी। इस तरह किसान को प्रति एकड़ निर्धारित 13,839 रुपये की पूरी सहायता मिलेगी। राज्य सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

3,095 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था

राज्य सरकार ने इस खरीफ विपणन वर्ष में लगभग 27 लाख 50 हजार किसानों से धान खरीदी के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। इसके लिए प्रदेश के 33 जिलों में कुल 3,095 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। 15 नवंबर की स्थिति में इनमें से 2,805 केंद्रों में किसानों के लिए टोकन जारी किए जा चुके हैं, जबकि 1,606 केंद्रों में धान खरीदी शुरू हो गई है। अब तक खरीदे गए कुल 1,98,364.80 क्विंटल धान में 1,10,979.20 क्विंटल मोटा धान, 80,489.60 क्विंटल पतला धान और 6,896 क्विंटल सरना धान शामिल है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

बालोद और राजनांदगांव में सबसे अधिक खरीदी

जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, बालोद और राजनांदगांव में धान खरीदी की गतिविधियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। बालोद जिले के सभी 161 उपार्जन केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके हैं और 123 केंद्रों में खरीदी शुरू हो गई है। यहां अब तक 24,676 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है। वहीं राजनांदगांव के सभी 122 केंद्रों में टोकन जारी किए गए हैं और 115 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। यहां सबसे अधिक 26,464.40 क्विंटल धान खरीदा गया है। महासमुंद जिले के 202 केंद्रों में से 201 में टोकन जारी हुए हैं और 176 केंद्रों में खरीदी शुरू हुई है। यहां 20,444.80 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है। धमतरी जिले के सभी 108 केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके हैं और 99 केंद्रों में खरीदी शुरू हो गई है। यहां 19,829.20 क्विंटल धान खरीदा गया है। इसी तरह बेमेतरा में 16,320.40 क्विंटल, दुर्ग में 13,952.80 क्विंटल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 11,871.60 क्विंटल, बलौदाबाजार-भाटापारा में 10,004.40 क्विंटल और रायपुर में 9,365.60 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। कवर्धा जिले में 7,386 क्विंटल, गरियाबंद में 6,743.60 क्विंटल और बलरामपुर में 5,614 क्विंटल धान खरीदा गया है।

बस्तर से सरगुजा तक उपार्जन जारी

बस्तर संभाग के जिलों में भी धान खरीदी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। कांकेर जिले के 163 केंद्रों में से 148 में टोकन जारी हुए हैं और 54 केंद्रों में खरीदी शुरू हुई है। यहां 3,220.40 क्विंटल धान खरीदा गया है। कोंडागांव में 3,888.40 क्विंटल, बस्तर में 474 क्विंटल, नारायणपुर में 294.80 क्विंटल, बीजापुर में 95.20 क्विंटल और दंतेवाड़ा में 22 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है। सुकमा जिले में 27 केंद्रों में से एक केंद्र में टोकन जारी हुआ है, जबकि खरीदी शुरू होना बाकी है।

बिलासपुर जिले में अब तक 3,603.60 क्विंटल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 2,155.20 क्विंटल, मुंगेली में 1,956.40 क्विंटल और कोरबा में 438 क्विंटल धान खरीदा गया है। जांजगीर-चांपा जिले के 134 केंद्रों में से 115 में टोकन जारी किए जा चुके हैं, हालांकि वहां खरीदी शुरू होना शेष है। रायगढ़ जिले में 112 केंद्रों में से 58 में टोकन जारी हुए हैं और 2 केंद्रों में खरीदी शुरू हुई है। यहां 310.40 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है। सक्ती में 26 क्विंटल, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1,075.60 क्विंटल, कोरिया में 1,984 क्विंटल, सरगुजा में 489.20 क्विंटल, सूरजपुर में 2,006 क्विंटल और जशपुर में 95.60 क्विंटल धान खरीदा गया है। इसके अलावा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 395.60 क्विंटल और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 3,161.60 क्विंटल धान का उपार्जन दर्ज किया गया है। इस तरह प्रदेश के सभी 33 जिलों में धान खरीदी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

मोटा, पतला और सरना धान की हो रही खरीदी

प्रदेश में अब तक खरीदे गए धान में मोटे धान की मात्रा सबसे अधिक है। कुल 1,10,979.20 क्विंटल मोटा धान, 80,489.60 क्विंटल पतला धान और 6,896 क्विंटल सरना धान का उपार्जन किया गया है। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, बालोद में 3,230.40 क्विंटल मोटा, 21,304.40 क्विंटल पतला और 141.20 क्विंटल सरना धान खरीदा गया है। बेमेतरा में 8,735.60 क्विंटल मोटा, 6,278.80 क्विंटल पतला और 1,306 क्विंटल सरना धान का उपार्जन हुआ है। दुर्ग में 3,722 क्विंटल मोटा, 9,502.80 क्विंटल पतला और 728 क्विंटल सरना धान खरीदा गया है। राजनांदगांव में 9,173.60 क्विंटल मोटा, 16,280.80 क्विंटल पतला और 1,010 क्विंटल सरना धान का उपार्जन हुआ है। धमतरी में 11,580.80 क्विंटल मोटा, 7,796 क्विंटल पतला और 452.40 क्विंटल सरना धान खरीदा गया है। वहीं महासमुंद में 20,444.80 क्विंटल मोटा धान का उपार्जन दर्ज किया गया है।

रायगढ़ में 85,501 किसानों ने कराया पंजीयन, 20 चेक पोस्ट पर निगरानी

रायगढ़ जिले में धान खरीदी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस वर्ष उपार्जन केंद्रों की संख्या 105 से बढ़ाकर 112 और सेवा सहकारी समितियों की संख्या 69 से बढ़ाकर 79 कर दी गई है। जिले में कुल 85,501 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। इन किसानों का पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 860 किसानों की संख्या बढ़ी है।

धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और अवैध धान परिवहन एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिले में 20 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन पर तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अलावा तहसील स्तर पर उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है, जो लगातार निरीक्षण कर अवैध परिवहन, भंडारण और विक्रय पर नजर रख रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ धान खरीदी की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है। 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी आदान सहायता देने के निर्णय से किसानों को आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture