बैतूल के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को ₹30 करोड़ से ज्यादा का बोनस, सीएम मोहन यादव ने किसानों और जनजातीय परिवारों के लिए किए बड़े ऐलान
02 नवंबर 2026, बैतूल: बैतूल के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को ₹30 करोड़ से ज्यादा का बोनस, सीएम मोहन यादव ने किसानों और जनजातीय परिवारों के लिए किए बड़े ऐलान – मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बैतूल में आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन में 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि दी। इसके साथ ही बैतूल जिले को 443 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली। मुख्यमंत्री ने किसानों, युवाओं, विद्यार्थियों और जनजातीय परिवारों के कल्याण के लिए सरकार की योजनाओं और जिले में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सच्चा वादा-पक्का काम’ के संकल्प के साथ विकास और जनहित के कार्य कर रही है। प्रदेश में गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की राशि मिल चुकी है। किसानों को पर्याप्त बिजली और सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सरकार काम कर रही है।
7 वन मंडलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिला बोनस
मुख्यमंत्री ने बताया कि बैतूल में चार जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि दी गई है। इसमें दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा (दक्षिण छिंदवाड़ा), पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम वन मंडल के संग्राहक शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह राशि तेंदूपत्ता संग्राहकों की मेहनत का सम्मान और उनका हक है। प्रदेश में अब तक तेंदूपत्ता संग्राहकों को 80 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय परिवारों की आजीविका और आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
बैतूल में ₹443 करोड़ से अधिक के विकास कार्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैतूल जिले के विकास के लिए 443 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क, सिंचाई, शिक्षा, पर्यटन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।
बैतूल में जनजातीय बेटियों के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से कन्या शिक्षा परिसर और छात्रावास का भूमि-पूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बनाए जा रहे सांदीपनि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मॉडल बन रहे हैं। सरकार विद्यार्थियों को किताबें, साइकिल, गणवेश और छात्रवृत्ति उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई में मदद कर रही है। मेधावी योजना के तहत बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये के लैपटॉप दिए जा रहे हैं। वहीं, कक्षा 12वीं के स्कूल टॉपर्स को स्कूटी देने की व्यवस्था भी की गई है।
युवाओं के लिए एक लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के बच्चे और युवा मध्यप्रदेश का भविष्य हैं। उनके लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं। युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे नौकरी मांगने वाले ही नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले बन सकें। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब तक 85 हजार शासकीय पदों पर युवाओं को नियुक्ति दे चुकी है। इसके अलावा एक लाख नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। पुलिस विभाग में भी 18 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। दीपावली से पहले राज्य कर्मचारियों को 2 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) की अतिरिक्त सौगात भी दी गई है।
सिंचाई, सड़क और पेयजल के लिए करोड़ों रुपये की घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैतूल जिले में विकास कार्यों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें नल-जल योजना के कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपये देने और बैतूल में 15 करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन और हाट बाजार बनाने की घोषणा शामिल है। इसके अलावा सड़क चौड़ीकरण के लिए 47 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
जिले में 70 करोड़ रुपये की लागत से चार जलाशयों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, 154 करोड़ रुपये की लागत से रामघाटी मध्यम सिंचाई परियोजना विकसित की जाएगी। घोड़ाडोंगरी में बैराज और जलाशय भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा बैतूल के शासकीय हाईस्कूलों में 50 करोड़ रुपये की लागत से सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। जिले में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से फुटबॉल टर्फ और इनडोर-आउटडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे। बैतूल में जनजातीय संग्रहालय बनाने की भी घोषणा की गई।
कुकरू खामला में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैतूल जिले के कुकरू खामला में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए 15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां कॉफी के बागान भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बैतूल और मुलताई में 24 करोड़ रुपये की लागत से नए कारखाने स्थापित किए जाएंगे। प्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट में 7 करोड़ रुपये की लागत से सफारी गेट बनाया जाएगा। वहीं, रिजर्व फॉरेस्ट के पास 3 करोड़ रुपये की लागत से बटरफ्लाई पार्क विकसित किया जाएगा। इन कार्यों से जिले में पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
किसानों और जनजातीय परिवारों की आय बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए भी प्रयास कर रही है। गोवर्धन पूजा के अवसर पर वृंदावन गांवों में अच्छे पशुधन की प्रतियोगिताएं आयोजित करने और पशुपालकों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने किसानों और जनजातीय परिवारों से गौपालन तथा दूध उत्पादन बढ़ाकर अपनी आमदनी बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार कोदो-कुटकी सहित सभी प्रकार के मोटे अनाज (श्रीअन्न) के उत्पादन को प्रोत्साहित कर रही है। दूरस्थ गांवों और मजरे-टोलों में रहने वाले जनजातीय परिवारों को बेहतर सड़कें और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत बसों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री भी कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में 15 से 17 नवंबर तक तीन दिवसीय उत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी जयंती पर याद करते हुए कहा कि राज्य सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और जनजातीय समुदाय सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है।
जनजातीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण पर जोर
केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि जनजातीय समुदाय के लोगों के परिश्रम से बैतूल जिले की पहचान बनी है। उन्होंने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को संरक्षित करने के लिए भव्य जनजातीय संग्रहालय बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए काम कर रही है। इसके लिए पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी पहलें चलाई जा रही हैं। आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी।
वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल में प्रदेश का दूसरा बटरफ्लाई पार्क विकसित किया जा रहा है। जिले को प्रदेश के पहले कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट की सौगात भी मिली है। उन्होंने बैतूल में एक हजार एकड़ भूमि पर औद्योगिक विकास परियोजनाएं विकसित करने की संभावनाओं का उल्लेख किया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा बैतूल जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा, विधायक प्रेमशंकर वर्मा, विधायक योगेश पंडाग्रे, विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


