Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

सिवनी के कृषि सह श्रीअन्न मेले में हुआ प्राकृतिक उत्पादों का प्रदर्शन

28 फरवरी 2024, सिवनी: सिवनी के कृषि सह श्रीअन्न मेले में हुआ प्राकृतिक उत्पादों का प्रदर्शन – सिवनी के पॉलिटेक्निक मैदान में आयोजित हुए कृषि सह श्री अन्न मेले में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कृषि लागत में कमी तथा आमजनों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से देश में प्राकृतिक खेती के माध्यम से मोटे अनाज के उत्पादन को बढावा देने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है।

श्री कुलस्ते ने कहा कि हमारे पूर्वजों द्वारा आदिकाल से की जा रही प्राकृतिक खेती की पद्धति एवं मोटे अनाज स्वास्थ्य दृष्टि से लाभदायक है। उन्होंने कहा कृषक की आय में वृद्धि के लिए सरकार मोटे अनाज ज्वार, बाजरा, कोदो, कुटकी, रागी, चीना सहित अन्न मोटे अनाज को प्रोत्साहित किया जा रहा है। श्री कुलस्ते ने कहा कि सारस पोर्टल के द्वारा श्री अन्न के उत्पादन में लगे किसानों को पैकेजिंग, ब्रांडिंग की ट्रेनिंग भी सरकार द्वारा दी जा रही है।केन्द्रीय राज्य मंत्री ने श्री अन्न मेले में उपस्थित किसानों से मेले में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन कर कृषि वैज्ञानिकों से उन्नत कृषि  तकनीकी  एवं बीजों की जानकारी अनिवार्य रूप से प्राप्त करने की अपील की।        

सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन ने कहा कि अधिक उत्पादन के लालच में हमने विदेशी बीजों को अपनाकर  अनेक बीमारियों को जन्म दिया है तथा अत्यधिक रासायनिक उर्वरकों का उपयोग करने से हमारी जमीन बंजर हो गई है तथा उत्पादित फसलों में भी पोषक तत्वों की कमी आई है। आज हमें प्राकृतिक खेती को बढ़ावा  देने की आवश्यकता है।जिससे कम लागत में पोषक खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। विधायक श्री दिनेश राय ने किसानों से जैविक कृषि अपनाकर उन्नत कृषि उपकरणों, बीजों एवं तकनीक को अपनाने के साथ ही कृषि भूमि का मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनाने की बात कही। कलेक्टर श्री क्षितिज सिंघल ने  मेले में उपस्थित किसानों को श्री अन्न मेले के उद्देश्यों के बारे में  बताया तथा सभी से उन्नत कृषि तकनीकी एवं खाद्य प्रसंस्करण  की जानकारी लेकर तकनीकों को अपनाने की अपील की।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

आयोजित मेले में कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यानिकी, कृषि विज्ञान केन्द्र, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग आदि के स्टॉल लगाए गए थे। जिसमें में विशेष रूप से श्री अन्न फसलों के उत्पादों जैसे- कोदो, कुटकी के बिस्किट, कुकीज एवं प्राकृतिक खेती के उत्पादों के साथ छिन्दवाड़ा, मंडला के कृषक उत्पादक संगठनों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। इसके साथ-साथ सिवनी के प्रगतिशील कृषकों द्वारा जीराशंकर चांवल एवं प्राकृतिक खेती के उत्पाद, नरसिंहपुर जिले के गुड एवं तुअर की दाल के साथ-साथ अन्य जिलों के विभिन्न उत्पादकों द्वारा अपने उत्पाद का प्रदर्शन किया गया।  इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डहेरिया, जनपद अध्यक्ष सिवनी श्रीमती किरण भलावी, जनपद अध्यक्ष श्री लोचन सिंह मरावी, अन्य जनप्रतिनिधियों ,विभागीय अधिकारियों एवं  बड़ी  संख्या में  किसानों की उपस्थिति रही।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम)