Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्य प्रदेश में डीएपी-यूरिया की कमी पूरी करें

मुख्यमंत्री श्री चौहान की केन्द्रीय मंत्री श्री मांडविया से भेंट

30  अगस्त 2021, भोपाल । मध्य प्रदेश में डीएपी-यूरिया की कमी पूरी करें – मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री मनसुख लाल मांडविया से मुलाकात कर प्रदेश में चलाये जा रहे वैक्सीनेशन महाभियान और प्रदेश में यूरिया और डीएपी की बढ़ती माँग के बारे में विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि प्रदेश में धान रोपण का कार्य प्रगति पर है, जिसके लिए डीएपी की माँग राज्य में बढ़ गयी है। इसके साथ ही मक्का एवं धान में यूरिया की टाप ड्रेसिंग की जा रही है, जिससे यूरिया की भी माँग बढ़ गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आगे बताया कि प्रदेश को अभी तक यूरिया के 12.13 लाख मीट्रिक टन आवंटन की मांग के विरुद्ध केन्द्र द्वारा केवल 8 लाख मीट्रिक टन अभी तक दिया गया है। इसी प्रकार डीएपी 8.05 लाख मीट्रिक टन के आवंटन के विरुद्ध केवल 5 लाख मीट्रिक टन मुहैया कराया गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अनुरोध किया कि शेष 4.13 लाख मीट्रिक टन यूरिया और शेष 3.05 लाख मीट्रिक टन डीएपी केन्द्र द्वारा शीघ्र जारी किया जाय।

केन्द्रीय मंत्री श्री मांडविया के सुझाव पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केन्द्र द्वारा जारी ई-रुपी व्हाउचर योजना को मध्यप्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट की तर्ज पर खाद के लिए एक जिले में लागू करने की बात कही। इसके अलावा एनपीके और एसएसपी खाद के साथ साथ नैनो यूरिया को भी कृषि क्षेत्र में बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं उनके मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं प्रगतिशील किसान अपने-अपने खेतों में इसका प्रयोग करेंगे और किसानों को इसका अनुसरण करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile