राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश: प्याज भंडारण से बढ़ी देवास के किसान की आय, ₹1.10 लाख का मिला शुद्ध मुनाफा

23 अप्रैल 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: प्याज भंडारण से बढ़ी देवास के किसान की आय, ₹1.10 लाख का मिला शुद्ध मुनाफा – मध्यप्रदेश के देवास जिले के विकासखंड देवास के ग्राम खजूरियाजागीर के प्रगतिशील कृषक श्री प्रकाश मालवीय के लिए उद्यानिकी विभाग की राष्ट्रीय कृषि विकास योजना वरदान साबित हुई है। इस योजना के लाभ से अब उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है और कृषि से बेहतर आय प्राप्त हो रही है।

प्याज की कीमत गिरने से मिली थी चुनौती

किसान प्रकाश मालवीय ने बताया कि पहले उन्हें प्याज की फसल निकलते ही तुरंत बाजार में बेचना पड़ता था। उस समय आवक अधिक होने के कारण बाजार में भाव कम मिलते थे, जिससे उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता था। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने भंडारण की ओर कदम बढ़ाया।

भंडारण गृह बना आय का जरिया

उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में वर्ष 2021-22 में उन्होंने अपने खेत पर लगभग 3.50 लाख रुपये की लागत से 50 मीट्रिक टन क्षमता वाले प्याज भंडार गृह का निर्माण कराया। इसमें शासन की योजना के तहत उन्हें 1.75 लाख रुपये की अनुदान सहायता प्राप्त हुई।
इस भंडारण सुविधा के बाद वे अपनी प्याज की फसल को 4 से 5 महीने तक सुरक्षित रख पा रहे हैं और बाजार में जब कीमतें बढ़ती हैं, तभी बिक्री कर रहे हैं। इससे उन्हें बेहतर दाम मिलने लगे हैं और नुकसान की संभावना भी काफी कम हो गई है।

₹1.10 लाख का शुद्ध लाभ

भंडारण व्यवस्था के चलते इस वर्ष उन्हें लगभग ₹1.10 लाख का शुद्ध मुनाफा प्राप्त हुआ है। पहले जहां तत्काल बिक्री मजबूरी थी, वहीं अब वे समय देखकर बेहतर मूल्य पर फसल बेच पा रहे हैं, जिससे उनकी आय में लगातार सुधार हो रहा है।

अपनी सफलता पर किसान प्रकाश मालवीय ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को किसान हितैषी योजनाओं के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने में बेहद सहायक हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements