विदिशा जिले में 22 कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त
11 मई 2026, विदिशा: विदिशा जिले में 22 कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त – कृषि विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में कीटनाशक विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न विकास खंडों के 22 विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त एवं निलंबित किए गए हैं। यह कार्रवाई कीटनाशक अधिनियम एवं नियमों के उल्लंघन, अनियमितताओं तथा निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं करने पर की गई है।
कृषि विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाकर उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित कृषि सामग्री उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से दुकानों का निरीक्षण कर रिकॉर्ड, स्टॉक, लाइसेंस शर्तों एवं विक्रय प्रक्रिया की जांच की गई। जांच के दौरान कई विक्रेताओं द्वारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की गई थी। कार्रवाई के अंतर्गत ग्यारसपुर, नटेरन, विदिशा, सिरोंज, लटेरी, बासौदा एवं कुरवाई विकास खंडों के विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त या निलंबित किए गए हैं। इनमें किसान बाजार ग्यारसपुर, हरसिद्धि ट्रेडर्स, कृषा कृषि सेवा केंद्र गुलाबगंज, दांगी कृषि सेवा केंद्र, महादेव कृषि सेवा केंद्र, आदित्य कृषि सेवा केंद्र, न्यू कृषि सेवा केंद्र, सिरोंज कृषि सेवा केंद्र, कृष्णा कृषि सेवा केंद्र, बंधुश्री कृषि सेवा केंद्र सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नकली अथवा अमानक कृषि आदानों की बिक्री रोकने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही कृषि सामग्री खरीदें तथा पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तत्काल कृषि विभाग को सूचित करें। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिले में कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं किसानों को धोखाधड़ी से बचाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

