राज्य कृषि समाचार (State News)

कृषि विज्ञान केंद्र, धार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन; सफल महिला कृषकों का सम्मान

09 मार्च 2026, भोपाल: कृषि विज्ञान केंद्र, धार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन; सफल महिला कृषकों का सम्मान – कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), धार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करना तथा उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों से अवगत कराकर सशक्त बनाना था। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आई प्रगतिशील महिला कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. एस. एस. चौहान ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में कृषि विभाग, धार के उप संचालक श्री जी. एस. मोहनिया उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिले की सफल महिला कृषकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. चौहान ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र का प्रयास है कि महिलाओं को केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रखकर उन्हें कृषि के आधुनिक और उद्यमशील क्षेत्रों से भी जोड़ा जाए। उन्होंने विशेष रूप से बीज उत्पादन, नर्सरी प्रबंधन और मूल्य संवर्धन जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। उनके अनुसार, यदि महिला कृषकों को वैज्ञानिक तकनीकों और उचित प्रशिक्षण से जोड़ा जाए तो वे कृषि को अधिक लाभकारी बना सकती हैं।

मुख्य अतिथि श्री जी. एस. मोहनिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज महिलाएँ कृषि क्षेत्र में केवल श्रम तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे कृषि प्रबंधन और निर्णय प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न महिला-केंद्रित योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को कृषि उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

सम्मान समारोह के पश्चात आयोजित प्रशिक्षण सत्र में महिला कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस सत्र में डॉ. अंकिता पाण्डेय, वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी तथा डॉ. डी. एस. मण्डलोई, तकनीकी अधिकारी ने उन्नत बीज तकनीक, बीज उपचार एवं घर पर बीज संरक्षण की विधि, पशुपालन एवं मुर्गी पालन के माध्यम से आय संवर्धन, कृषि यंत्रीकरण तथा मृदा परीक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि मिट्टी की जाँच के आधार पर संतुलित उर्वरकों का उपयोग करने से उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि संभव है।

कार्यक्रम के अंत में श्री भूपेन्द्र कुमार कुर्मी ने सभी अतिथियों, महिला कृषकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री गौरव सारस्वत, श्री जितेन्द्र नायक, श्री गणेश निंगवाल, श्री जीवन निंगवाल और श्री विशेष नलवाया का विशेष सहयोग रहा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements