Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

शहरी परिवर्तन की एक सशक्त मिसाल ‘कोटा मॉडल’ : मुख्यमंत्री गहलोत

मुख्यमंत्री ने कोटा में 643 करोड़ रूपये की लागत के 21 विकास कार्यों का किया लोकार्पण

29 अक्टूबर 2022, जयपुर । शहरी परिवर्तन की एक सशक्त मिसाल ‘कोटा मॉडल’ : मुख्यमंत्री गहलोत – मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कोटा में 643.10 करोड़ रूपये की लागत से हुए 21 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने दीपावली से पूर्व कोटा निवासियों को ऐतिहासिक उपहार भेंट किया। श्री गहलोत ने समारोह में कहा कि कोटा में विकास के एक नए युग की शुरूआत हुई है। नगर विकास न्यास, कोटा ने अपने वित्तीय प्रबंधन और शहरी विकास के रूप में पूरे देश के सामने एक सशक्त मिसाल पेश की है। आज शहर को जो अनुपम स्वरूप निखर कर आया है, वह ऐतिहासिक और अतुलनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर सजावटी रोशनी, चौराहों के हैरिटेज लुक और शहर के प्रवेश मार्गों पर फसाड़ कार्य पूरा होने से रात्रि के समय कोटा आने वाले नागरिकों को शहर का नया स्वरूप दिखेगा। यहां हैरिटेज संरक्षण, कला-संस्कृति, परम्परा, शौर्य, शांति और वास्तुशिल्प का अनूठा उदाहरण पेश किया गया है। पूरे शहर को ट्रैफिक सिग्नल फ्री बनाकर सुगम यातायात प्रबंधन करना और भारी बारिश के बावजूद अंडरपास में जलभराव नहीं होना, एक बड़ी उपलब्धि है।

राज्य जनकल्याणकारी योजनाओं को केंद्र करें लागू

श्री गहलोत ने कहा कि राजस्थान जनकल्याणकारी योजनाओं में मॉडल स्टेट बन रहा है। यहां मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, इंदिरा रसोई योजना, महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना, उड़ान योजना, राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना सहित अनेकों योजनाओं से हर एक व्यक्ति लाभान्वित हो रहा है। किसानों और घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को बिलों में राहत मिली है। राज्य कर्मचारियों के लिए ओपीएस लागू की गई और सामाजिक सुरक्षा के तहत लगभग 1 करोड़ लोगों को पेंशन दी जा रही है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile
युवा वर्ग को समर्पित होगा अगला बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि गत बजट में किसानों के लिए अलग से कृषि बजट प्रस्तुत किया गया। अब अगला बजट युवाओं और विद्यार्थियों को समर्पित होगा। इसके लिए प्रदेशवासी अपने सुझाव भेज सकते हैं। समारोह में नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन मंत्री श्री शांति धारीवाल ने कहा कि कोटा के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। यहां 5 फ्लाईओवर, 3 अंडरपास सहित विभिन्न कार्यों से कोटा शहर ने पूरे देश में मॉडल स्थापित किया है। शहर वास्तुकला के लिए अपनी पहचान बनाएगा। जल्द ही चंबल रिवर फ्रंट के सौंदर्यकरण का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि कोटा में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। यहां अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन की बेहतरीन मिसाल देखने को मिली है। सडक़ों और पार्कों के विकास के साथ अन्य कार्यों के लिए शहर ने पूरे देश में उदाहरण पेश किया है। मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने कहा कि गत 4 वर्षों से कोटा में 3500 करोड़ रूपये के कार्य कराए जा रहे हैं। विकास कार्यों में पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा गया है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर स्वायत्त शासन, नगरीय विकास विभाग और आवासन मंडल के सलाहकार श्री जी.एस. संधू, विभाग के शासन सचिव डॉ. जोगाराम, नगर विकास न्यास, कोटा के विशेषाधिकारी श्री आर.डी. मीणा और यूआईटी सभागार कोटा में जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारीगण और आमजन उपस्थित रहे।

पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के लिए अधिक उपज देने वाली गेहूं की 10 नई किस्में