हरदा में 25 से 27 नवंबर तक लगेंगी किसान चौपाल, खेती से जुड़ी योजनाओं की मिलेगी जानकारी
25 नवंबर 2026, हरदा: हरदा में 25 से 27 नवंबर तक लगेंगी किसान चौपाल, खेती से जुड़ी योजनाओं की मिलेगी जानकारी – मध्यप्रदेश के हरदा जिले में किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं का निराकरण करने के उद्देश्य से 25 से 27 नवंबर तक अलग-अलग ग्राम पंचायतों में किसान चौपाल आयोजित की जाएंगी। जिला पंचायत हरदा द्वारा आयोजित इन चौपालों में कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ किसानों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। चौपाल का आयोजन निर्धारित तिथियों में शाम 4 बजे से होगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव ने बताया कि चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहकर किसानों की समस्याएं सुनेंगे और पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त करेंगे।
तीन विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में होगा आयोजन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को टिमरनी विकासखंड के ग्राम रायबोर स्थित ग्राम पंचायत भवन में किसान चौपाल लगेगी। 26 नवंबर को खिरकिया विकासखंड के ग्राम बावड़िया (चारूवा) के नए पंचायत भवन में चौपाल आयोजित होगी। वहीं, 27 नवंबर को हरदा विकासखंड के ग्राम हंडिया में किसान चौपाल लगाई जाएगी। हंडिया में इसका आयोजन मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम के अंतर्गत किया जाएगा।
कृषि और उद्यानिकी योजनाओं की मिलेगी जानकारी
किसान चौपाल में कृषि विभाग द्वारा नरवाई जलाने पर प्रतिबंध, हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर के उपयोग, खाद-बीज विक्रय प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और मृदा परीक्षण के संबंध में जानकारी दी जाएगी। उद्यानिकी विभाग द्वारा फसलोत्तर प्रबंधन, क्लस्टर आधारित उद्यानिकी फसलों के विस्तार, एआईएफ योजना और औषधीय फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा।
सहकारिता विभाग द्वारा अल्प अवधि फसल ऋण वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड और पैक्स के माध्यम से उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं, मत्स्य विभाग द्वारा मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026, मछली पालन और केज कल्चर को बढ़ावा देने से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया जाएगा।
पशुपालन, डेयरी और बिजली संबंधी योजनाओं पर भी होगी चर्चा
पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा हिरण्यगर्भा अभियान, नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान और लखपति गोपालन दीदी नवाचार की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा बकरी, मुर्गी और गाय पालन से संबंधित योजनाओं के बारे में बताकर आवेदन प्रक्रिया भी पूरी कराई जाएगी।
विद्युत विभाग द्वारा बिजली प्रदाय, सब्सिडी एवं छूट, बिजली बिल संबंधी समस्याओं के निराकरण और कुसुम योजना की जानकारी दी जाएगी। जल संसाधन विभाग द्वारा ओसरा बंदी, नहरों पर स्थापित कैमरों, जल संरक्षण के उपायों, बोरी बंधान, कूप एवं हैंडपंप रिचार्ज तथा तालाब निर्माण के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
स्वरोजगार और सरकारी दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी भी मिलेगी
पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा राजस्व विभाग द्वारा स्वरोजगार ऋण योजनाओं, स्व-सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल बीमा योजना और स्वामित्व योजना की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही जाति प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, समग्र आईडी और आधार कार्ड सहित जरूरी दस्तावेजों के संबंध में भी मार्गदर्शन मिलेगा।
चौपाल में उद्यानिकी, पशुपालन, कृषि अभियांत्रिकी, राजस्व, मत्स्य, कृषि उपज मंडी, बैंक एवं सहकारिता, विद्युत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा जल संसाधन विभाग के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। अधिकारी पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त करेंगे और प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


