राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्य प्रदेश में खरीफ बोनी 56 लाख हेक्टेयर में

(विशेष प्रतिनिधि)

5 जुलाई 2021, भोपाल  I मध्य प्रदेश में खरीफ बोनी 56 लाख हेक्टेयर में – प्रदेश में खरीफ फसलों की बुवाई तेजी से चल रही है। अब तक लगभग 56 लाख हेक्टेयर में बोनी कर ली गई है जो लक्ष्य के विरुद्ध 37 फीसदी है। गत वर्ष इस अवधि में फसल की बुवाई 31.36 लाख हेक्टेयर हो पायी थी।

कृषि विभाग के मुताबिक राज्य में खरीफ फसलों का सामान्य क्षेत्र 118.50 लाख हेक्टेयर है। इस वर्ष 149.29 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसलें लेने का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध 1 जुलाई तक 56.21 लाख हेक्टेयर में बोनी कर ली गई है। जो सामान्य क्षेत्र के विरुद्ध 47 फीसदी एवं लक्ष्य के विरुद्ध 37 फीसदी है।

प्रदेश की प्रमुख खरीफ फसल सोयाबीन की बोनी अब तक 28 लाख हेक्टेयर में कर ली गई है जबकि 61.65 लाख हेक्टेयर लक्ष्य रखा गया है। दूसरी प्रमुख फसल धान की बोनी अब तक 6.56 लाख हेक्टेयर में हुई है जबकि लक्ष्य 33.46 लाख हेक्टेयर रखा गया है। इसी प्रकार अन्य प्रमुख फसलों में अब तक मक्का की बुवाई 10.77 लाख हेक्टेयर, तुअर 1.19 लाख हेक्टेयर, उड़द 2.87 लाख हेक्टेयर एवं कपास 4.92 लाख हेक्टेयर में बोई गई है। जानकारी के मुताबिक कृषि आदान की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इसके तहत 33 लाख टन उर्वरक वितरण करने का लक्ष्य है।

गत दिनों मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने भी खाद, बीज की समीक्षा कर कृषकों को समय पर आदान उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये थे।

राज्य में अब तक कुल अनाज फसलें 54.33 लाख हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 17.94 लाख हे. में, तिलहनी फसलें 69.74 लाख हे. लक्ष्य के विरुद्ध 28.90 लाख हे. में एवं दलहनी फसलें 19.14 लाख हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 4.45 लाख हेक्टेयर में बोई गई है।

प्रदेश में बुवाई स्थिति
1 जुलाई 2021 तक (लाख हे. में)
धान 33.46 6.56
ज्वार 1.5 0.5
मक्का 14.92 10.77
बाजरा  3.29 0.1
अरहर 3.82 1.19
उड़द 13.84 2.87
मूंग 1.39 0.37
सोयाबीन 61.65 28.01
मूंगफली 3.27 0.81
कपास 6.07 4.92
     

Advertisements