केन-बेतवा परियोजना से बुंदेलखंड में आएगी समृद्धि, CM मोहन यादव बोले- बदल जाएगी अंचल की तस्वीर
11 सितंबर 2026, भोपाल: केन-बेतवा परियोजना से बुंदेलखंड में आएगी समृद्धि, CM मोहन यादव बोले- बदल जाएगी अंचल की तस्वीर – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही राष्ट्र की समृद्धि होती है। मध्यप्रदेश सरकार किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी समृद्धि बढ़ाने को प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुंदेलखंड अंचल की समृद्धि के लिए केन-बेतवा अंतर्राज्यीय नदी जोड़ो परियोजना को मंजूरी दी है। पर्याप्त सिंचाई से उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिलेगा। आने वाले समय में बुंदेलखंड की तस्वीर बदल जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को टीकमगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ में पीतल की मूर्तियां बनाने वाले शिल्पी इस क्षेत्र की पहचान हैं। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में जिले में हो रहा कार्य दूसरे जिलों के लिए भी उदाहरण बन रहा है। मुख्यमंत्री ने महोत्सव में शामिल जनप्रतिनिधियों, किसानों और बहनों को आयोजन के लिए बधाई दी और आने वाले पर्व-त्योहारों की शुभकामनाएं दीं।
उन्नत कृषि करने वाले किसानों की सराहना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बलराम कृषि महोत्सव में आए उन्नत कृषि करने वाले किसानों से चर्चा की और उनके परिश्रम व नवाचारों की प्रशंसा की। उन्होंने श्री विष्णु शर्मा अनंतपुरा को सब्जी उत्पादन, पॉली हाउस निर्माण और गौशाला संचालन के लिए बधाई दी। श्री बालचंद अहिरवार ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे प्राकृतिक खेती कर रहे हैं और करीब 250 किसान इससे जुड़े हैं। श्री मनोहर लोधी और श्रीमती शशि लोधी ने भी प्राकृतिक खेती के अपने अनुभव साझा किए।
श्री जगदीश अहिरवार ने करीब 15 एकड़ क्षेत्र में की जा रही फूलों की खेती के साथ स्ट्रॉबेरी, तरबूज, नींबू और अमरूद के उत्पादन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से यह कार्य कर रहे हैं और इससे दो दर्जन लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। इसके अलावा 15 गायों का पालन कर दुग्ध उत्पादन से भी लाभ कमा रहे हैं। श्री रमेश यादव ने बताया कि वे वर्ष 2005 से बीज उत्पादन का कार्य कर रहे हैं और अब तक करीब 3 लाख क्विंटल बीज उत्पादन करने में सक्षम हुए हैं।
मधुमक्खी पालन से आर्थिक रूप से सक्षम हुईं सुनीता
श्रीमती सुनीता बुंदेला ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मधुमक्खी पालन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनके 5 केंद्र काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्य परिश्रम आधारित है और इससे आर्थिक लाभ भी काफी है।
मधुमक्खी पालन में रानी मक्खी की भूमिका का जिक्र आने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने रानी मक्खी तो नहीं देखी, लेकिन अपनी बहन सुनीता को मधुमक्खी पालन के काम से आर्थिक रूप से सक्षम होकर महारानी बनते हुए देखने का अवसर जरूर मिल रहा है।
जनप्रतिनिधियों से भी की चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व मंत्री हरिशंकर खटीक, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र यादव और कप्तान सिंह से भी चर्चा की। जनप्रतिनिधियों ने किसानों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए उनका आभार जताया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि किसानों के हित में बलराम कृषि महोत्सव शुरू किए गए हैं, जिनकी किसान कल्याण की दृष्टि से काफी उपयोगिता है। कार्यक्रम की शुरुआत में श्रीमती सरोज राजपूत ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा परियोजना की मंजूरी और बुंदेलखंड में इन्वेस्टर्स समिट होने से किसानों सहित सभी वर्गों के हित में काम हुआ है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

