राज्य कृषि समाचार (State News)

कटनी : आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

06 सितंबर 2026, कटनी: कटनी : आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र – कृषि संबंधी पारंपरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों को जागरूक करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से बलराम जयंती के अवसर पर बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र पिपरौंध में आत्मा योजना अंतर्गत कृषक संगोष्ठी एवं बलराम महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरन प्रीत कौर भी मौजूद रहीं।          

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी की अध्यक्षता में आयोजित बलराम महोत्सव में प्राकृतिक खेती संबंधी प्रदर्शनी, कृषक-वैज्ञानिक संवाद, कृषि तकनीकी सत्र एवं आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।

उन्नत तकनीक पर वैज्ञानिकों ने किया मार्गदर्शन –  कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने वर्तमान खरीफ फसलों धान, मूंग, उड़द एवं अरहर की उन्नत उत्पादन तकनीकों के बारे में किसानों को विस्तार से जानकारी दी।  वैज्ञानिकों ने फसल उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ खेती में लागत कम करने और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।

प्राकृतिक खेती और संतुलित उर्वरक प्रबंधन की दी जानकारी –  तकनीकी सत्र में कृषि अधिकारियों द्वारा संतुलित उर्वरकों के प्रयोग, प्राकृतिक खेती, कीट प्रबंधन एवं अधिक उत्पादन की तकनीकों की जानकारी दी गई। किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, फसल सुरक्षा तथा कृषि में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।

चिया एवं औषधीय फसलों की खेती की दी गई जानकारी –  कृषकों को पारंपरिक फसलों के साथ चिया फसल एवं औषधीय फसलों की खेती की संभावनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। किसानों को इन फसलों की उत्पादन तकनीक एवं कृषि क्षेत्र में इनके महत्व से अवगत कराया गया।

कृषक-वैज्ञानिक संवाद से मिला तकनीकी समाधान  –  बलराम महोत्सव के दौरान कृषक-वैज्ञानिक संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें किसानों ने खेती से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं एवं समस्याएं विशेषज्ञों के समक्ष रखीं, जिनका वैज्ञानिकों एवं कृषि अधिकारियों द्वारा तकनीकी समाधान बताया गया। आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को कृषि कार्यों में तकनीक के उपयोग और श्रम एवं लागत को कम करने के तरीकों से भी परिचित कराया गया।        

 कार्यक्रम के दौरान उप संचालक कृषि खेलावन डेहेरिया, पर्यावरणविद एवं मानव जीवन विकास समिति के सचिव श्री निर्भय सिंह, डॉ. रामनाथ पटेल, सुश्री रजनी चौहान, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री पूनम गर्ग, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. संजय वैशंपायन, डॉ. आर.पी. बेन, डॉ. के.पी. द्विवेदी एवं डॉ. आर.के. मिश्रा, जिला मंत्री श्री मनीष दुबे, जिला मीडिया प्रभारी श्री विवेक गुप्ता, जिले के सभी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि सखी तथा बड़ी संख्या में कृषक बंधु सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture