Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मुरैना में फिर शुरू होगी कैलारस शुगर फैक्ट्री, किसानों को मिलेगा उपज का बेहतर लाभ: CM मोहन यादव

05 सितंबर 2026, मुरैना: मुरैना में फिर शुरू होगी कैलारस शुगर फैक्ट्री, किसानों को मिलेगा उपज का बेहतर लाभ: CM मोहन यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना के किसानों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि कैलारस शुगर फैक्ट्री को फिर से शुरू कराया जाएगा। फैक्ट्री के दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज का बेहतर लाभ मिलने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ डेयरी और पशुपालन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को कृषि उपज मंडी परिसर, मुरैना में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को सीहोर से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि महोत्सव और कृषि प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।

किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने का प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुरैना जिला गेहूं, धान, तिलहन और दलहन के उत्पादन में अग्रणी रहा है। किसानों को गेहूं की खेती को बढ़ावा देना चाहिए। खेती के लिए किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को देश में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में 30 लाख लोगों को सोलर पंप उपलब्ध कराने की योजना है। इससे किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलने के साथ बिजली पर होने वाले खर्च में भी लाभ मिलेगा।

एक साल में चुका सकेंगे कृषि ऋण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत किसानों के हित में विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि खरीफ और रबी फसलों के लिए ऋण चुकाने की अवधि पहले 6-6 माह निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर एक वर्ष कर दिया गया है। अब किसान जिस दिन ऋण लेगा, उस दिन से एक वर्ष की अवधि में ऋण चुका सकेगा। इससे किसानों को बार-बार बैंक की लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

डेयरी को बनाएं अतिरिक्त आय का साधन

मुख्यमंत्री ने किसानों से खेती के साथ दूध डेयरी को अतिरिक्त आय का साधन बनाने और गाय पालन को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुरैना में दुग्ध समितियों के माध्यम से दुग्ध संग्रहण को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत बाजरा और सरसों के बीज उपलब्ध कराए गए हैं। प्रदेश में ढाई करोड़ किसानों को सब्सिडी पर बीज उपलब्ध कराया गया है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और बेहतर कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाई जाए।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

उर्वरक वितरण में पारदर्शिता पर जोर

किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के अग्रणी कृषि उत्पादक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। गेहूं, सोयाबीन, चना, दलहन-तिलहन और उद्यानिकी के क्षेत्र में प्रदेश के किसान लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अधिक उत्पादन, अधिक उत्पादकता, बेहतर गुणवत्ता, कम लागत, बेहतर मूल्य और किसान की अधिक आय सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन, कृषि यंत्रीकरण, प्राकृतिक खेती तथा दलहन-तिलहन मिशन जैसी योजनाओं से किसानों को लाभ दिया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि को डिजिटल तकनीक से जोड़ा जा रहा है। ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण में पारदर्शिता लाई गई है। 1 अप्रैल 2026 से प्रदेश के सभी जिलों में इसी प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण किया जा रहा है। इससे अनावश्यक कतारों, कालाबाजारी और अनियमित वितरण पर नियंत्रण में मदद मिल रही है।

किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने प्रगतिशील किसानों राममोहन मीणा, गिर्राज आदिवासी, उदय राठौर, अरविंद सिंह गुर्जर, बालबिहारी शर्मा, राकेश शर्मा, संजय शर्मा, रामबाबू सिंह, कौशलकिशोर और बृजेन्द्र को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मेधावी विद्यार्थियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुरैना-श्योपुर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने किसानों से जैविक खाद अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रासायनिक खाद का संतुलित उपयोग करने से भूमि की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलेगी। किसानों को आवश्यकता के अनुसार ही खाद, बीज और पानी का उपयोग करना चाहिए।

हर नगर पंचायत में बनेगा गीता भवन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुरैना सहित जिले की प्रत्येक नगर पंचायत में गीता भवन का निर्माण कराया जाएगा। इन भवनों में नागरिकों को अध्ययन का अवसर मिलेगा। जिले के एक विकासखंड में वृंदावन भवन भी बनाया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से कृषि प्रदर्शनी लगाई गई। किसानों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture