राज्य कृषि समाचार (State News)

जबलपुर: किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकों एवं प्राकृतिक खेती पर जानकारी दी

06 सितंबर 2026, जबलपुर: जबलपुर: किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकों एवं प्राकृतिक खेती पर जानकारी दी – किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की आत्मा परियोजना द्वारा भगवान श्री बलराम जयंती के अवसर पर आज बुधवार को आधारताल स्थित कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में किसानों  को कृषि की उन्नत विधियों आधुनिक कृषि यंत्रों तथा प्राकृतिक खेती के महत्व के सबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त संचालक कृषि एस के नेताम ने भगवान बलराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे भी इस अवसर पर मौजूद थे।

परियोजना संचालक आत्मा श्रीमती नविता उरकुड़े श्रीवास्तव एवं कृषि विशेषज्ञ द्वारा प्राकृतिक खेती के वर्तमान परिदृश्य और संभावनाओं, बीआरसी सेंटर तथा कृषि सखियों के दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को इसके प्रति जागरूक करने में कृषि सखियों एवं बीआरसी सेंटर की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर कृषि सखियों ने प्राकृतिक खेती एवं बीआरसी सेंटर की भूमिका से संबंधित अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही, क्लस्टर में प्राकृतिक खेती योजना के अंतर्गत उनके द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। कृषि सखियों ने प्राकृतिक खेती के माध्यम से किसानों को जोड़ने और कृषि पद्धतियों में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाने, मृदा की उर्वरता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना वर्तमान समय की आवश्यकता है। किसानों को खेती में नई तकनीकों के साथ-साथ प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों ने भगवान श्री बलराम के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान बलराम श्रम, परिश्रम, सादगी एवं कृषि संस्कृति के प्रतीक माने जाते हैं। उनके जीवन से किसानों को मेहनत, अनुशासन और कृषि के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है। बलराम जयंती कृषि और किसान के महत्व को समझने तथा कृषि संस्कृति से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करती है। कार्यक्रम के समापन पर कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, बीटीएम, एटीएम एवं बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture