इंदौर: सांची दुग्ध संघ के सीईओ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा
04 सितंबर 2026, इंदौर: इंदौर: सांची दुग्ध संघ के सीईओ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा – दूध का भाव बढ़ाने, लंबित बोनस का भुगतान करने और फैट की विसंगतियों की जांच की मांग जैसी दूध उत्पादक किसानों की लगातार बढ़ती समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान एवं मजदूर सेना ने मुख्यमंत्री के नाम सांची दुग्ध संघ इंदौर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विशाल मिश्रा को ज्ञापन सौंपा और किसानों के हित में तत्काल निर्णय लेने की मांग की।
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि वर्तमान समय में पशुपालन की लागत लगातार बढ़ रही है। पशु आहार, हरा एवं सूखा चारा, दवाइयां, बिजली, मजदूरी सहित अन्य खर्च बढ़ने के बावजूद किसानों को दूध का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। ऐसी स्थिति में दुग्ध उत्पादक किसानों के लिए पशुपालन आर्थिक रूप से कठिन होता जा रहा है।इसलिए दूध का क्रय मूल्य बढ़ाकर 12 रुपये प्रति फैट किया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में ग्राम स्तरीय दुग्ध समितियों एवं बीएमसी से सांची दुग्ध संघ तक पहुंचने वाले दूध के फैट में आ रही विसंगतियों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। किसान नेताओं ने कहा कि जांच में यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
10 से 12 करोड़ रुपये के लंबित बोनस का भुगतान हो – सांची दुग्ध संघ की वार्षिक साधारण सभा में स्वीकृत पिछले करीब तीन वर्षों के किसानों के बोनस की राशि, जो लगभग 10 से 12 करोड़ रुपये बताई गई है, का भुगतान अब तक नहीं होने का मुद्दा भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मांग की कि किसानों की मेहनत की यह राशि तत्काल उनके खातों में जमा कराई जाए। इसके साथ ही मध्यप्रदेश शासन द्वारा घोषित 5 रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि (बोनस) का लाभ जिन दुग्ध उत्पादकों को अभी तक नहीं मिला है, उन्हें भी शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए। किसान संगठन ने अन्य राज्यों की तर्ज पर मध्यप्रदेश के दुग्ध उत्पादकों को भी अतिरिक्त बोनस एवं प्रोत्साहन देने, पशु आहार की कीमत कम करने एवं उसकी गुणवत्ता में सुधार, अधिक संख्या में सांची दूध संग्रहण केंद्र स्थापित करने तथा दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सहायता योजना लागू करने की मांग रखी।
भारतीय किसान एवं मजदूर सेना ने स्पष्ट कहा कि दुग्ध उत्पादक किसान प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण रीढ़ हैं। सरकार और सांची दुग्ध संघ को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से समाधान करना चाहिए। मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में संगठन किसानों के साथ आंदोलन को और तेज करेगा। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष श्री बबलू जाधव, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेंद्र पटेल, प्रदेश सचिव श्री चंदन सिंह बड़वाया, श्री सतीश मकवाना सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं दुग्ध उत्पादक किसान मौजूद रहे ।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

