हिमाचल के अनार ने दुबई में बनाई पहचान, किसानों को मिला 50 फीसदी ज्यादा दाम
कुल्लू से 1.3 मीट्रिक टन सिंदूरी अनार का निर्यात
विदेशी बाजार से सीधे जुड़े स्थानीय उत्पादक
06 नवंबर 2026, शिमला: हिमाचल के अनार ने दुबई में बनाई पहचान, किसानों को मिला 50 फीसदी ज्यादा दाम – हिमाचल प्रदेश के बागवानों के लिए विदेशी बाजार से जुड़ने का नया रास्ता खुला है। कुल्लू जिले में उत्पादित सिंदूरी अनार अब दुबई के बाजार तक पहुंच गया है। यहां से 1.3 मीट्रिक टन अनार की खेप संयुक्त अरब अमीरात भेजी गई है। खास बात यह है कि इस निर्यात से जुड़े किसानों को घरेलू बाजार में मिलने वाली कीमत की तुलना में करीब 50 प्रतिशत अधिक दाम प्राप्त हुए हैं। इससे बागवानों में उत्साह है और प्रदेश के फल उत्पादकों के लिए निर्यात की नई संभावनाएं बनी हैं।
इस पूरी प्रक्रिया में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने सहयोग किया। किसानों और किसान उत्पादक संगठन से सीधे अनार की खरीद कर उन्हें निर्यातक कंपनी से जोड़ा गया, जिससे बागवानों को अपने उत्पाद के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध हो सका।
650 डिब्बों में भेजी गई खेप
दुबई भेजी गई अनार की खेप में दो-दो किलोग्राम के कुल 650 डिब्बे शामिल हैं। इसका निर्यात उत्तर प्रदेश की कंपनी अमामा एक्सपोर्ट्स के माध्यम से किया गया है। अनार की खरीद कुल्लू के स्थानीय किसानों और भुंतर किसान उत्पादक संगठन से की गई। पूरी प्रक्रिया में कुल्लू जिला बागवानी प्रशासन ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
किसानों को मिला बेहतर बाजार
इस पहल की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि किसानों को उनकी उपज का घरेलू बाजार की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत अधिक मूल्य मिला है। अब तक स्थानीय बाजारों पर निर्भर रहने वाले बागवानों को सीधे निर्यात व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया गया है। इससे बिचौलियों पर निर्भरता कम करने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की संभावनाएं बढ़ी हैं। एपीडा के अध्यक्ष अभिषेक देव ने दुबई के लिए अनार की इस खेप को रवाना किया। इस पहल को हिमाचल प्रदेश के बागवानी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यदि इस तरह के प्रयासों को आगे भी विस्तार मिलता है तो प्रदेश के अन्य फल उत्पादकों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी उपज बेचने के अवसर मिल सकेंगे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


