गुना : ड्रिप-मल्चिंग से सब्जी उत्पादन और नवाचार से खेती को मिली नई रफ्तार
24 नवंबर 2026, गुना: गुना : ड्रिप-मल्चिंग से सब्जी उत्पादन और नवाचार से खेती को मिली नई रफ्तार – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत गत दिनों चाचौड़ा के ग्राम जस्तखेड़ी में प्रगतिशील किसान श्री प्रद्युम्न मीना के कृषि प्रक्षेत्र का कलेक्टर -श्री किशोर कन्याल ने भ्रमण कर आधुनिक एवं नवाचार आधारित खेती का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसान द्वारा ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग तकनीक अपनाकर की जा रही सब्जियों की खेती तथा स्वयं के प्रयासों से विकसित कृषि यंत्र का प्रदर्शन देखा।
किसान श्री मीना द्वारा टमाटर, मिर्च एवं प्याज की उन्नत खेती की जा रही है। उनके खेत में प्याज उत्पादन की एक विशेष तकनीक आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें बीज के स्थान पर प्याज के छोटे कंद (बल्ब) लगाकर लगभग 60 दिनों में फसल प्राप्त की जाती है। सामान्यतः बीज से प्याज की फसल तैयार होने में 120 से 130 दिन लगते हैं, जबकि कंद से रोपण करने पर लगभग दो माह में प्याज प्राप्त हो जाता है। कलेक्टर ने इस तकनीक की जानकारी लेते हुए इसके व्यावहारिक पहलुओं का अवलोकन किया।
किसान ने स्वयं बनाया ड्रिप-मल्चिंग बिछाने वाला यंत्र – भ्रमण के दौरान किसान का तकनीकी नवाचार भी विशेष चर्चा का विषय रहा। श्री मीना ने अपने अनुभव एवं प्रयासों से ट्रैक्टर चलित ऐसा यंत्र तैयार किया है, जिसकी सहायता से खेत में बेड निर्माण के साथ ड्रिप लाइन एवं मल्चिंग शीट बिछाने का कार्य तेजी से किया जा सकता है। इस यंत्र के प्रदर्शन को कलेक्टर ने देखा और इसकी कार्यप्रणाली की सराहना की। इससे कम समय में अधिक क्षेत्र में बेड तैयार करने तथा ड्रिप और मल्चिंग बिछाने में सुविधा मिलती है। साथ ही श्रम, समय एवं लागत की बचत होती है।
साहीवाल गाय का 16 लीटर दूध, 25 गायों की डेयरी स्थापित करने की तैयारी – किसान ने कृषि के साथ पशुपालन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय पहल की है। उन्होंने लगभग 75 हजार रुपये में अयोध्या से साहीवाल नस्ल की उन्नत गाय क्रय की है, जो प्रतिदिन दो बार के दुग्ध उत्पादन में कुल लगभग 16 लीटर दूध देती है। किसान का चयन पशुपालन विभाग की डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना अंतर्गत भी हुआ है, जिसके तहत उनके द्वारा 25 गायों की क्षमता वाली डेयरी स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने किसान द्वारा पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक, स्वयं के नवाचार एवं पशुपालन को जोड़कर अपनाए जा रहे एकीकृत कृषि मॉडल का अवलोकन किया। इस प्रकार की पहल जिले के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक है। ड्रिप एवं मल्चिंग जैसी तकनीकों से जल एवं श्रम की बचत के साथ गुणवत्तापूर्ण उत्पादन को बढ़ावा मिल सकता है। वहीं कृषि के साथ पशुपालन अपनाकर किसान अपनी आय के विविध स्रोत विकसित कर सकते हैं। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे,एसडीएम चांचौडा श्री अमित सोनी, उप संचालक कृषि श्री संजीव शर्मा, उप संचालक उद्यानिकी श्री केपीएस किरार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


