Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

जयपुर से दिल्ली तक पहुंच रहे गुना के जरबेरा फूल, एक एकड़ से 20 लाख तक शुद्ध आय की संभावना  

28 नवंबर 2026, गुना: जयपुर से दिल्ली तक पहुंच रहे गुना के जरबेरा फूल, एक एकड़ से 20 लाख तक शुद्ध आय की संभावना – मध्य प्रदेश के गुना जिले में फूलों की खेती किसानों के लिए कमाई का नया जरिया बन रही है। यहां आधुनिक पॉलीहाउस तकनीक से जरबेरा फूलों का उत्पादन किया जा रहा है। ग्राम बीलाबावड़ी में हृदेश अग्रवाल और प्रवीण अग्रवाल ने दो एकड़ क्षेत्र में जरबेरा फूलों का पॉलीहाउस विकसित किया है। यह गुना जिले का पहला जरबेरा पॉलीहाउस है, जहां 21 अलग-अलग रंगों की किस्मों के फूल तैयार किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि उत्पादन शुरू होने के महज चार महीने के भीतर ही यहां के फूलों की मांग दूसरे शहरों के बाजारों में पहुंचने लगी है।

कलेक्टर किशोर कन्याल ने पॉलीहाउस का निरीक्षण कर जरबेरा की विभिन्न किस्मों और उत्पादन व्यवस्था का जायजा लिया। रंग-बिरंगे फूलों को देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक आधारित उद्यानिकी फसलों को अपनाने की जिले में अच्छी संभावनाएं हैं। जरबेरा जैसे उच्च मूल्य वाले फूल किसानों की आय बढ़ाने में मददगार हो सकते हैं।

एक एकड़ में 8 लाख तक फूलों का उत्पादन

जरबेरा की खेती से किसानों को अच्छी आय मिलने की संभावना है। अनुमान के मुताबिक, एक एकड़ पॉलीहाउस से सालाना करीब 7.5 से 8 लाख फूलों का उत्पादन हो सकता है। बाजार में फूलों की गुणवत्ता, रंग और आकार के अनुसार एक फूल की कीमत 3 से 8 रुपये तक मिलती है। औसतन 5 रुपये प्रति फूल के हिसाब से एक एकड़ से करीब 40 लाख रुपये की वार्षिक सकल आय होने का अनुमान है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

हालांकि, इस खेती में श्रमिकों, खाद-उर्वरक, बिजली, पैकेजिंग, रखरखाव और अन्य संचालन संबंधी खर्च भी शामिल हैं। इन पर सालाना करीब 20 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके बाद किसानों को प्रति एकड़ लगभग 15 से 20 लाख रुपये की शुद्ध वार्षिक आय मिलने की संभावना है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

जयपुर, दिल्ली और इंदौर तक पहुंच रहे फूल

गुना में उत्पादित जरबेरा फूलों की आपूर्ति अब कई शहरों के बाजारों में की जा रही है। इनमें जयपुर, उदयपुर, दिल्ली, इंदौर, भोपाल और आगरा सहित अन्य शहर शामिल हैं। जरबेरा फूलों की खासियत है कि उचित रखरखाव और तापमान मिलने पर इन्हें 6 से 8 दिनों तक ताजा रखा जा सकता है। इससे लंबी दूरी के बाजारों तक फूलों को पहुंचाना आसान होता है।

गुलाब के साथ जरबेरा की खेती को भी बढ़ावा

जिला प्रशासन और उद्यानिकी विभाग गुना में फूलों की खेती का विस्तार करने पर जोर दे रहे हैं। इसके तहत गुलाब, जरबेरा और अन्य उच्च मूल्य वाले फूलों के उत्पादन के साथ आधुनिक पॉलीहाउस तकनीक को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य गुना को फूलों की खेती के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।

किसानों को दिया जा रहा तकनीकी मार्गदर्शन

उप संचालक उद्यान जिला गुना केपीएस किरार ने बताया कि जिले की जलवायु, किसानों की उद्यमशीलता और आधुनिक संरक्षित खेती की संभावनाओं को देखते हुए यहां पुष्प उत्पादन का विस्तार किया जा सकता है। उद्यानिकी विभाग किसानों को उन्नत किस्मों के चयन, पॉलीहाउस स्थापना और शासन की अनुदान योजनाओं के बारे में जानकारी देने के साथ तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने बताया कि विभाग का प्रयास है कि गुना में गुलाब के साथ जरबेरा और अन्य उच्च मूल्य वाले फूलों का उत्पादन बढ़े, ताकि यहां के फूल देश के प्रमुख बाजारों तक पहुंच सकें। आने वाले समय में गुना को फूलों की खेती के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान दिलाना जिला प्रशासन और उद्यानिकी विभाग का महत्वपूर्ण लक्ष्य है। निरीक्षण के दौरान उप संचालक उद्यान केपीएस किरार, एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडे सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture